शिवपुरी में RI साहब 2 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, घर पर दबोच लिए गए

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। भ्रष्टाचार की जड़ें प्रशासनिक तंत्र में कितनी मजबूत है इसका ताजा उदाहरण शुक्रवार को शिवपुरी में देखने को मिला। यहाँ पोहरी तहसील के प्रभारी राजस्व निरीक्षक (RI) देवेंद्र जैन का ईमान महज 4 हजार रुपये में बिक गया। नक्शा सुधारने जैसे सरकारी काम के बदले किसान को दफ्तरों के चक्कर लगवाने वाले इस भ्रष्ट अधिकारी को ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित उनके निवास पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

5 हजार की डिमांड और 4 हजार में सेटिंग
मामला पोहरी के मचकला गांव का है, जहाँ के किसान ब्रखभान धाकड़ अपनी जमीन के नक्शे की गड़बड़ी ठीक कराने के लिए भटक रहे थे। एसडीएम न्यायालय से फाइल तहसील क्या पहुँची, प्रभारी आरआई देवेंद्र जैन ने अपने कर्तव्य से इनकम बढाने के लिए नक्शा सुधारने के एवज में 5 हजार रुपये की मांग की गई, जो मोलभाव के बाद 4 हजार में तय हुई। गरीब किसान ने पहले ही 1 हजार रुपये दे दिए थे, लेकिन साहब की भूख कम नहीं हुई और वे लगातार काम रोकने का दबाव बनाने लगे।

किसान की होशियारी और लोकायुक्त का जाल
अधिकारी के अड़ियल और भ्रष्ट रवैये से तंग आकर किसान ने हार मानने के बजाय लड़ने का फैसला किया। 24 मार्च को जब आरआई ने दोबारा रुपयों की मांग की, तो किसान ने पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली और लोकायुक्त ग्वालियर को सौंप दी। शिकायत की पुष्टि होते ही लोकायुक्त ने जाल बिछाया।

घर पर ही दबोचे गए रिश्वतखोर साहब
तय योजना के अनुसार, शुक्रवार को जैसे ही किसान रिश्वत की अगली किस्त के 2 हजार रुपये लेकर आरोपी आरआई के सिद्धेश्वर कॉलोनी स्थित घर पहुँचा और जैसे ही 2 हजार रुपए साहब के हाथ में थमाए, वैसे ही पास में तैनात लोकायुक्त की टीम ने धावा बोल दिया। टीम ने जैसे ही आरआई के हाथ धुलवाए, वे गुलाबी हो गए, जिससे मौके पर ही रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
फिलहाल, आरोपी देवेंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।