शिवपुरी में शादी का वादा कर लिविंग मे रखा, प्रेग्नेंट होने के बाद दूसरी शादी को तैयार

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि सगाई के बाद युवक उसे अपने साथ ले गया, विवाह का भरोसा देकर साथ रखा, फिर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया है कि गर्भावस्था के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिससे गर्भपात हो गया। अब आरोपी दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है।  

शिकायत के अनुसार पीड़िता राधा जाटव की सगाई करीब डेढ़ वर्ष पहले अर्जुन जाटव निवासी बुढी बरखेड़ा, थाना सरवाया के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि सगाई के बाद अर्जुन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और न्यायालय में कागजी कार्रवाई कर विवाह होने का दावा करते हुए अपने साथ रखने लगा।

साथ रखने के बाद शुरू हुई दहेज की मांग
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद अर्जुन जाटव और उसके परिवारजन - सास शारदा जाटव, ससुर जगन्नाथ जाटव, देवर अभिलाष जाटव और अन्य - ने उससे दहेज में नगद राशि, बाइक और अन्य सामान की मांग शुरू कर दी। महिला का कहना है कि जब वह यह मांग पूरी नहीं कर सकी, तो उसके साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई।

गर्भावस्था के दौरान मारपीट, गर्भपात का आरोप
मामले का सबसे गंभीर आरोप यह है कि पीड़िता उस समय तीन माह की गर्भवती थी, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि इस हिंसा के कारण उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद उसे कथित रूप से घर से निकाल दिया गया।

अब दूसरी शादी की तैयारी का आरोप
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि अर्जुन जाटव ने अब दूसरी लड़की से सगाई कर ली है और अप्रैल 2026 में विवाह की तैयारी कर रहा है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी पक्ष ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

एसपी से न्याय और सुरक्षा की मांग
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी पक्ष पर सख्त कानूनी कार्रवाई, तथा स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है। मामले को लेकर महिला पक्ष में रोष है और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।