शिवपुरी मे 24 घंटे में 4 लाशें, फोरलेन पर हत्या, हाईवे पर एक्सीडेंट, करंट और पेड़ से भी गई जान

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटे में 4 मौत होने की खबर मिल रही है,यह सभी मौतें जिले के अलग अलग थाना सीमाओं में हुई हैं। कहीं प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, तो कहीं रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 19 वर्षीय युवक की जिंदगी छीन ली। वहीं बोरवेल में करंट लगने और पेड़ से गिरने की घटनाओं में दो और लोगों की जान चली गई। महज एक दिन में चार मौतों ने जिले में दहशत, दुख और सवाल-तीनों छोड़ दिए हैं।

एनएच-46 पर रॉन्ग साइड से आई ट्रॉली बनी काल
पहली बड़ी घटना बदरवास थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां एनएच-46 पर बड़खेड़ा गांव के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय अमित बंजारा की मौत हो गई। अमित उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के हुकुम पुर गांव का रहने वाला था और फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था।

बताया जा रहा है कि अमित अपने साथियों के साथ बाइक से म्याना की ओर जा रहा था। तभी सामने से भूसा भरकर रॉन्ग साइड से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली उसकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे की बड़ी वजह गलत दिशा से आ रही ट्रॉली मानी जा रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

सींगाखेडी में बोरवेल में करंट, किसान की मौके पर मौत
दूसरी घटना भी बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम सींगाखेड़ी से सामने आई, जहां एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पूरन पुत्र जबरू जाटव निवासी सींगाखेड़ी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार पूरन किसी काम से बोरवेल के संपर्क में आया, तभी उसमें करंट आ गया और उसे जोरदार बिजली का झटका लगा। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस बदरवास भेजा। पुलिस यह जांच कर रही है कि बोरवेल में करंट आने की वजह तकनीकी लापरवाही, लीकेज या असुरक्षित बिजली कनेक्शन तो नहीं था।

खेत में पेड़ पर चढ़ा युवक नीचे गिरा, मौके पर मौत
तीसरी घटना बदरवास थाना क्षेत्र के ही ग्राम चितारा में हुई, जहां खेत में काम के दौरान पेड़ से गिरने पर एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गंगाराम परिहार (36) पुत्र गुमान सिंह, निवासी ग्राम ऐजवारा, थाना इंदार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गंगाराम खेत में किसी काम से पेड़ पर चढ़ा हुआ था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या, कोलारस में सनसनी

चौथी घटना की सबसे सनसनीखेज घटना कोलारस फोरलेन हाईवे पर सामने आई, जहां रंग महल होटल के सामने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अर्जुन पाल उर्फ गोलू उम्र 27 साल पुत्र भगवान सिंह पाल, निवासी ग्राम नेगमा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अर्जुन अपने बुआ के लड़के कप्तान पाल के साथ कोलारस आया था। इसी दौरान कथित रूप से प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में दिनेश कुशवाह, लट्टू कुशवाह और अन्य लोगों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें अर्जुन पाल की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना जिले में ऑनर, रिश्तों और हिंसा के खतरनाक टकराव की ओर भी इशारा कर रही है।