शिवपुरी मे हवा में मिट्टी उडने पर युवक की हत्या, सीने पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर, 6 गिरफ्तार

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना सीमा में आने वाले मानक बसई गांव में खेत से मिट्टी उडने से उपजा विवाद में पहले तो पडोसियों मे जमकर लठ्ठ चले,उसके बाद युवक के सीने पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी,पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था,पुलिस ने हत्यारों की घेराबंदी करते हुए  गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार, 3 मार्च की दोपहर फरियादी बृजेश रावत अपने खेत में पानी दे रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव भरका निवासी बीपी सिंह जाटव और अनिल जाटव अपने आयशर ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे। जुताई के दौरान मिट्टी बृजेश के खेत में जा रही थी, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

फरियादी बृजेश के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर बीपी सिंह जाटव ने अपने पिता रामसिंह को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में रामसिंह, नरेंद्र, करण उर्फ पप्पू और काशीराम जाटव लाठियां लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बृजेश के बुआ का बेटा अभिषेक (निवासी कुंवरपुर), चाचा वासुदेव, भाई रतन सिंह और चाचा का बेटा अरविंद बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचे।

पहले लाठियों से पीटा, फिर सीने को टायर से रौंदा
आरोप है कि विवाद के दौरान बीपी सिंह जाटव ने अभिषेक रावत के सिर पर लोहे के सरिए से जोरदार वार कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठियों से मारपीट की। इसके बाद बीपी सिंह ने अभिषेक, रतन और बृजेश पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर का पहिया अभिषेक की छाती के ऊपर से निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल शिवपुरी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

6 नामजद आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिरसौद में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने हत्या में शामिल सभी छह नामजद आरोपियों को धर दबोचा। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आयशर ट्रैक्टर, लोहे का सरिया और लाठियां भी जब्त की गई हैं।