शिवपुरी में कन्या भोज से रास्ता भटकी 5 साल की मानसी, सोशल मीडिया ने चंद घंटो मे खोज लिया

Adhiraj Awasthi

बदरवास। चैत्र नवरात्रि के पावन समय में जब पूरा बदरवास कस्बा भक्ति में डूबा था, तब एक 5 साल की मासूम बच्ची के अपनों से बिछड़ने की खबर ने हड़कंप मचा दिया। पोहरी से अपने नाना के घर बदरवास आई नन्ही मानसी जाटव शुक्रवार को कन्या भोज करने गई थी, लेकिन लौटते समय गलियों के जाल में वह रास्ता भटक गई।

जब मासूम को अकेला और डरा हुआ देखा, तो स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बदरवास थाने पहुँचाया। थाना प्रभारी निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़ ने मामले की गंभीरता को समझा और बिना एक पल गंवाए ऑपरेशन मुस्कान शुरू कर दिया।

सोशल मीडिया बना मददगार
पुलिस ने तत्काल बच्ची की फोटो सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रुप पर वायरल की। तकनीक और पुलिस की सक्रियता का असर यह हुआ कि चंद मिनटों में ही बच्ची की पहचान हो गई। पता चला कि वह साक्षी गार्डन के पास रहने वाले गंगाराम जाटव की नातिन है।

थाने में छलके खुशी के आंसू
जैसे ही पुलिस ने मानसी की नानी कमला जाटव और उसकी माँ को सूचना दी, वे बदहवास हालत में थाने पहुँचे। अपनी जिगर के टुकड़े को सुरक्षित देख माँ की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। परिवार ने गदगद होकर शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौड़ और बदरवास पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा, आज खाकी ने हमारे घर की खुशियां बचा लीं।