मास्टरमाइंड निकला 17 साल का किशोर, चाबी चुराई, ताला खोला और उड़ा ले गया 31 स्मार्टफोन

Adhiraj Awasthi

करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा नगर मे स्थित श्री राम मोबाइल शॉप पर हुई चोरी का आज पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस चोरी का मास्टर माइंड और एकलौता चोर एक 17 साल का किशोर निकला है। पुलिस ने इस नाबालिग से  31 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3.30 लाख रुपये है। आरोपी ने दुकान की चाबी चुराकर वारदात को अंजाम दिया था।

17 साल के इस किशोर ने वारदात से एक दिन पहले ही श्री राम मोबाइल शॉप की रेकी की थी। वह ग्राहक बनकर दुकान पहुँचा और मौका पाकर दुकान की असली चाबी ही उड़ा ली। जब दुकानदार बेफिक्र होकर रात को घर गया, तो आरोपी तड़के 4 बजे पहुँचा और बड़े आराम से दुकान का ताला खोलकर 3.30 लाख रुपये के मोबाइल बटोर लिए। शातिर इतना था कि सुराग मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी साथ ले गया।

पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार सक्रिय थी। 27 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि सिल्लारपुर चौराहे पर एक लड़का चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर जब उसे दबोचा, तो पूरी कहानी परत-दर-परत खुलती चली गई।

तलाशी के दौरान नाबालिग के पास से रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में उसने श्रीराम मोबाइल दुकान में चोरी करने की बात कबूल कर ली। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने कुल 31 मोबाइल फोन चुराए थे और उन्हें जुझाई नर्सरी की झाड़ियों में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने सभी 31 मोबाइल बरामद कर लिए हैं।