shivpuri, जिला अस्पताल की चौखट पर प्रसूता और गर्भस्थ शिशु की मौत

Adhiraj Awasthi

शिवुपरी। शिवपुरी जिला अस्पताल की चौखट पर एक 20 साल की प्रसूता और उसके गर्भ मे पल रहे शिशु की मौत होने की खबर मिल रही है। प्रसूता शिवपुरी जिले के सुरवाया गांव में निवास करने वाली है। बताया जा रहा है कि प्रसूता को प्रसूता को सबसे पहले सुरवाया के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर भर्ती किया गया था,स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया था,लेकिन प्रसूता जैसे ही अस्पताल की चौखट पर पहुंची उसने दम तोड दिया ओर इस कारण उसके गर्भ मे पल रहे शिशु की भी मौत हो गई।  शनिवार को पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।

सुरवाया निवासी लली आदिवासी उम्र 20 साल पत्नी आकाश आदिवासी, को शुक्रवार शाम करीब 5 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय आशा कार्यकर्ता की मदद से सुरवाया के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक उपचार के नाम पर महिला को करीब दो घंटे तक स्थानीय अस्पताल में ही रखा गया। जब महिला की स्थिति बिगड़ने लगी और असहनीय पीड़ा होने लगी, तब डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल शिवपुरी के लिए रेफर किया।

रास्ते में तोड़ा दम
परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाई और रात करीब 8 बजे प्रसूता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। लेकिन दुर्भाग्य से, अस्पताल की दहलीज पार करने से पहले ही लली आदिवासी की सांसें थम चुकी थीं। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गर्भ में पल रहे शिशु की भी गर्भ के अंदर ही मृत्यु हो गई थी।

परिजनों में आक्रोश और पुलिस जांच
शनिवार सुबह पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग दर्ज कर लिया हैं।