Shivpuri News, बामौरकलां में आस्था और सेवा का विराट संगम भव्य श्रीजी रथ यात्रा निकली

Adhiraj Awasthi

बामौरकलां। शिवपुरी जिले के बामौरकलां कस्बे में रविवार को धर्म, भक्ति और सामाजिक सरोकारों का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्री जी की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक वैभव के साथ निकाली गई। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली इस रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा क्षेत्र "जय श्री जी" के उद्घोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि से गूंज उठा।

सुबह मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ श्री जी का शांति धारा एवं अभिषेक सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक आरती में भाग लिया।

आकर्षक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र रथ यात्रा में सुसज्जित रथ पर विराजमान श्री जी की मनोहारी प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाए, वहीं युवाओं ने सेवा व्यवस्था संभाली। बच्चों में भी विशेष उत्साह देखा गया। गौमाता अस्पताल का शिलान्यास कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गौमाता के लिए प्रस्तावित आधुनिक अस्पताल का शिलान्यास रहा। आयोजकों ने बताया कि क्षेत्र में बेसहारा और बीमार गौवंश की देखभाल हेतु यह अस्पताल महत्वपूर्ण साबित होगा। यहां उपचार, दवा एवं देखरेख की समुचित व्यवस्था की जाएगी। समाजसेवियों ने इसे गौ सेवा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।

शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल
इसी अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए स्कूल भवन का भी शिलान्यास किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर अवसर मिलेंगे। यह विद्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। जनप्रतिनिधियों एवं समाज जनों की उपस्थिति कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, धर्मप्रेमी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे धर्म और समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।