Shivpuri News, बस और ट्रक की भिड़ंत, केबिन में चिपक गए ड्रायवर, वन-वे' सड़क बनी डेथ ट्रैप

Adhiraj Awasthi

कोलारस। वर्तमान समय में शिवपुरी जिले के कोलारस थाना सीमा में स्थित पूरनखेडी टोल प्लाजा के पास NH-46 फोरलेन सडक ने वनवे के कारण डेथ ट्रैप का रूप धारण कर लिया हैं,निर्माण के कारण यह सडक वन-वे है और यहां सुरक्षा के लिहाज से  स्पष्ट संकेतक  नहीं है इस कारण यहां लगातार हादसे हो रहे है,सड़क के डेथ ट्रैप के रूप के कारण यहां आज फिर एक बड़ा हादसा हुआ है और इस हादसे में 1 मौत और 5 लोगों के घायल होने की खबरें हैं।

आज मंगलवार की सुबह की सुबह कोलारस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-46 पर पूरनखेड़ी गांव के पास इंदौर जा रही एक यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

केबिन में फंसे रहे दोनों चालक, क्रेन की ली गई मदद
हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ जब संजय ट्रेवल्स की बस (MP 09 AB 6218), जो आगरा से इंदौर की ओर जा रही थी, सामने से आ रहे ट्रक (RJ 11 GB 0281) से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से (केबिन) बुरी तरह पिचक गए और आपस में फंस गए। दोनों चालक लहूलुहान अवस्था में अपने-अपने केबिन में फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद वाहनों को अलग कर चालकों को बाहर निकाला। दुर्भाग्यवश, बस चालक की जान नहीं बचाई जा सकी।

50 यात्री थे सवार, मची चीख-पुकार
हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे। टक्कर होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 5 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। ट्रक चालक का भी उपचार जारी है। थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने बताया कि मृतक चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

साढ़े तीन घंटे लगा रहा जाम, परीक्षार्थियों की बढ़ी धड़कनें
हादसे के बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस जाम में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे कई स्कूली छात्र भी फंस गए थे। मानवीय संवेदना दिखाते हुए प्रशासन ने टोल प्लाजा के पिकअप वाहनों का इंतजाम किया और छात्रों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया।

अधूरा निर्माण और वन-वे बना काल
स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए सड़क प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। मोहराई गांव के पास ओवरब्रिज निर्माण के कारण सड़क को वन-वे किया गया है, लेकिन वहां न तो कोई स्पष्ट संकेतक (Signage) हैं और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम। लोगों का आरोप है कि इस लापरवाही के कारण यहाँ अब तक 5 बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन मौन है।