shivpuri news : शादियो के सीजन के लिए तैयार शिवपुरी का बाजार, 10 करोड़ का व्यापार होने की उम्मीद

शिवपुरी। देव उठने के बाद सहलग का सीजन शुरू हो जाता है। नवंबर 2025 में शादी के  18, 21, 22, 23 और 25 प्रमुख मुहूर्त है। इस कारण अब बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहक निकल गया है इस कारण बाजार में रौनक बढ़ गई है। बीते एक सप्ताह से कपड़ों, ज्वेलरी, गिफ्ट, मिठाई और सजावट सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की आवाजाही बढ़ गई है। टेकरी बाजार, सदर बाजार, कोर्ट रोड, प्रगति बाजार, हनुमान चौराहा जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दुकानदारों ने नए स्टॉक मंगवाकर दुकानों को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजा दिया है।

बाजारों में शाम के समय भीड़ लगातार बढ़ रही है। शादी गार्डन और बैंड संचालकों के अनुसार, इस वर्ष कीमतों में कोई ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की गई है। सभी बुकिंग और सेवाएं पिछले साल के ही रेट पर उपलब्ध होंगी। इससे आयोजन करने वाले परिवारों को राहत मिलेगी। वहीं व्यापारियों को भी 10 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।

शहर के बर्तन व्यापारी अनिल कुमार ने बताया कि इस बार खरीदारों की संख्या पहले से ठीक है। लगातार शुभ मुहूर्त पड़ने के कारण लोग समय पर खरीदारी कर रहे हैं। बर्तन एवं सोना चांदी के व्यापारियों को उम्मीद है कि इस सीजन में करीब 10 करोड़ का व्यापार होगा। ग्रामीण क्षेत्रों से भी खरीदार बड़ी संख्या में शहर पहुंच रहे हैं, जो कपड़े, गिफ्ट और सजावट का पूरा सामान खरीद रहे हैं।

शहर के किराना व्यापारियो ने बताया कि बीते दिनों तेज बारिश से बिगड़ी फसलों की वजह से किसानों को आर्थिक रूप से काफी नुकसान हुआ है, इस वजह से ग्रामीण इलाकों से किसान खरीदारी करने कम ही पहुंच रहे हैं। किसानों की फसल बिगड़ने से उनके ऊपर आर्थिक संकट गहरा गया है। जिसका सीधा सीधा असर बाजार पर पड़ा है। इस बार मौसम खराब न होता और किसानों को आर्थिक नुकसान न हुआ होता, तो व्यापार दोगुना हो सकता था।

मिठाई की मांग बढ़ी : काजू कतली, लड्डू और ड्राई फ्रूट मिठाइयों की एडवांस बुकिंग बढ़ गई है।
ज्वेलरी में नई डिजाइन ट्रेंड में हल्के वजन वाले सोने और चांदी के सेट सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं।
सजावट और लाइटिंग की बुकिंग फुलः बड़े गार्डन और मैरिज हॉल में दिसंबर और जनवरी की तिथियां लगभग भर चुकी हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से बढ़ी भीड़ पास के कस्बों और गांवों से लोग थोक में सामान खरीद रहे हैं।

विश्लेषण और विशेषज्ञ की राय
स्थानीय अर्थशास्त्री डॉ विवेक शर्मा का कहना है कि सहालग का मौसम शिवपुरी की अर्थव्यवस्था के लिए सबसे लाभदायक समय होता है। इस दौरान 15 से 20 प्रतिशत तक अधिक व्यापार हो जाता है। बाजार में बढ़ा हुआ लेन देन छोटे व्यापारियों, मजदूरों और सेवाओं से जुड़े सभी वर्गों की आय बढ़ाता है। इस बार व्यापारियों से बात करके यह अनुमान लगाया जा रहा है कि 10 करोड़ रुपए का अतिरिक्त व्यापार हो सकता है।

बैंड एवं मैरिज गार्डन के दामों में इस बार वृद्धि नहीं की गई है। कुछ गार्डन संचालकों ने अपनी मर्जी से दाम बढ़ा लिए हों, तो कुछ कह नहीं सकते। रेट तो पिछले साल के ही चल रहे हैं। इस बार बाजार में व्यापार बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि सहालग सीजन की खरीदारी करने के लिए लोग अभी से ही जानकारी जुटाने लगे हैं। बाजार में चहल कदमी भी बढ़ गई है।
अशोक सेन, बैंड संचालक, शिवपुरी।