शिवपुरी-गुना बस में बदरवास के कंडक्टर ने किया महिला को बंधक बनाकर बलात्कार ​: Shivpuri News

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी-गुना बस में एक विवाहिता के बलात्कार का मामला प्रकाश में आ रहा है। घटनरा सोमवार रात की बताई जा रही है। बस कंडक्टर ने बस स्टैंड पर बस के खाली होने के बाद महिला को बंधक बनाकर उसका बलात्कार कर दिया है। पीड़िता ने मदद के लिए एफआरवी 122 की मदद ली और बस कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए आरोपी कंडक्टर को भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। उक्त मामला ग्वालियर के पड़ाव थाने में दर्ज किया गया है।

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 6 साल पहले शिवपुरी शहर के देहात थाना सीमा में हुई थी। इस शादी से उसका 2 साल का बेटा भी है। विवाहिता ने बताया कि उसका पति उसे प्रताड़ित कर रहा था। जिसकी शिकायत उसने शिवपुरी के देहात थाने में की थी। वर्तमान मे भिंड कोर्ट में पति से भरण-पोषण का केस चल रहा है। पति तय तारीख पर कोर्ट नहीं आ रहा है। उसी का पता लगाने के लिए वह सोमवार (27 अक्टूबर) सुबह भिंड से शिवपुरी देहात के लिए निकली थी।

कंडक्टर से जान-पहचान हुई, नंबर लिया
पीड़िता ने बताया कि ग्वालियर पहुंचकर वहां से शिवपुरी-गुना जाने वाली बस में सवार हो गई। बस ने दोपहर में उसे शिवपुरी उतार दिया। ग्वालियर से शिवपुरी के बीच सफर के दौरान महिला से बस कंडक्टर विष्णु ओझा निवासी बदरवास सखारोड़ से जान पहचान हो गई। विष्णु ने महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया। उसने बताया कि 2 घंटे बाद गुना से बस लौटेगी तो वह उसे फोन कर देगा। उसे आराम से ग्वालियर छोड़ देगा।

फोन कर शिवपुरी बुलाया, बस में बैठा लिया
शाम को कंडक्टर विष्णु ओझा ने महिला को फोन कर शिवपुरी बुलाया और अपनी बस में बैठा लिया। रात करीब 9 बजे बस ग्वालियर बस स्टैंड पहुंच गई। पूरी बस खाली हो गई। विष्णु ने महिला से कहा कि वह बस में ही बैठी रहे। वह 10 मिनट में लौटकर आ रहा है, फिर उसे भिंड छोड़ देगा।

करीब 9.30 बजे बस कंडक्टर वापस लौटा। उसने खाली बस के दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए। जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बलात्कार करने के बाद वह बस में महिला को छोड़कर चला गया।

पुलिस ने भागने से पहले आरोपी को पकड़ा
वारदात के बाद डरी-सहमी महिला ने एफआरवी (DIAL 112) को सूचना दी। एफआरवी ने महिला को पड़ाव थाना पहुंचाया। पड़ाव पुलिस महिला को लेकर बस स्टैंड वापस आई। यहां बस की पहचान करने के बाद पुलिस ने आरोपी विष्णु ओझा निवासी बदरवास को भागने से पहले ही पकड़ लिया। महिला का मेडिकल कराकर रेप का मामला दर्ज किया गया।