SHIVPURI NEWS: संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को नही मिला वेतन,कैसे मनेगा दीपोत्सव,कैसे खरीदेगें मिठाई

Bhopal Samachar

शिवपुरी। दीपावली का त्योहार दो दिन बाद आने वाला है और कर्मचारियों को अब तक वेतन की उपलब्धता नहीं हुई है आखिर शासकीय सेवा में कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ यह दोगला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। यदि वेतन नहीं मिला तो वह कैसे दीपावली का त्यौहार मनाएंगे यह कर्मचारी संघ के जिला संयोजक राजेंद्र शर्मा पिपलोदा ने अधिकारियों और जिला प्रशासन पर लगाया साथ ही मांग रखी कि जल्द इन कर्मचारियों को भुगतान करें अन्यथा आंदोलन करने हम मजबूर होंगे।

दरअसल जिले में हजारों संविदा कर्मचारियों के साथ-साथ स्वास्थ्य संविदा कर्मचारियों को आज दिनांक तक वेतन नहीं मिला है। एक दिन बाद धनतेरस है और फिर छोटी दीवाली के साथ बड़ी दिवाली का त्योहार है। ऐसे में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला संयोजक पंडित राजेंद्र पिपलोदा, राजकुमार सरैया तथा राजीव पुरोहित ने बताया की दीपावली नजदीक आ रही है लेकिन जिले के हजारों संविदा कर्मचारियों को आज दिनांक तक वेतन का कहीं अता पता नहीं है। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है।

कर्मचारियों का कहना है कि अगर दीपावली पर हमें वेतन नहीं मिला तो हम अपने बच्चों को क्या बताएंगे और कैसे इस त्योहार को मना पाएंगे। क्योंकि संविदा कर्मचारी अपने वेतन पर ही निर्भर है। संविदा कर्मचारी किसी बड़े पद पर तो है नहीं कि उन्हें अतिरिक्त आमदनी है। राज्य कर्मचारी संघ के जिला सह संयोजक अरविंद सरैया, रितु श्रीवास्तव ने बताया कि शासन ने 2023 में 4% डीए बढ़ाया जो हमें 2 वर्ष में आज तक नहीं मिला। अपने 10% चहेते लोगों को इसका भुगतान कर दिया गया। और 90% लोग आज भी 4% डीए की प्रतीक्षा में है।

शासन ने दो बार में 5% प्रतिशत डीए बढाया। एक भी किस्त आज दिनांक तक नहीं मिली। वेतन आहरण करने वाले तानाशाह बन गए हैं। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला संयोजक राजेंद्र पिपलोदा ने कहा कि किसी भी विभाग में हम तानाशाही नहीं चलने देंगे। जब हम समय पर काम करेंगे तो हमें उसका भुगतान भी समय पर चाहिए। इसलिए जल्द भुगतान की मांग कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी से कर्मचारी संगठनों ने की है।