SHIVPURI NEWS - बहू ने ससुर को पीटा, घर में तक घुसने नही दिया, सबूत सहित पहुंचे एसपी के पास

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी शहर में निवास करने वाले  68 वर्षीय सेवानिवृत्त सहायक पशु चिकित्सक वीरेन्द्र सिंह अहिरवार अपने ही घर से बेघर हो गए हैं। उनका आरोप है कि उनकी पुत्रवधू लता राजोरिया ने अपने मायके वालों के साथ मिलकर उनके मकान पर कब्जा कर लिया और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।

वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा सुनील सिंह अहिरवार गुजरात में रहता है। पहले बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद बेटा गुजरात चला गया था और बहू ग्वालियर स्थित अपने मायके में रह रही थी। अब बहू ने मायके वालों के सहयोग से उनके मकान पर कब्जा कर लिया है। वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि 29 सितंबर को उनकी बहू लता राजौरिया थाने गयी तो पुलिस ने उन्हें भी थाने बुलाया। जहां रात 9 बजे तक उन्हें बहु द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

6 अक्टूबर की सुबह जब उन्होंने घर में प्रवेश करने का प्रयास किया, तो दरवाजा नहीं खोला गया। विरोध करने पर उन्हें कथित तौर पर गालियां दी गईं और धमकी दी गई । वीरेन्द्र सिंह ने किराएदार महिला द्वारा रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो को सबूत के तौर पर पेश किया है। उन्होंने शिवपुरी एसपी से अपने पुत्र-पुत्रवधू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उनका मकान वापस दिलाने और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। वीरेन्द्र सिंह ने यह भी कहा है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्महत्या कर लेंगे। फिलहाल पीड़ित बुजुर्ग अपने एक मित्र के यहां रह रहे है।