SHIVPURI NEWS - झोलाछाप डॉक्टर महिला को अस्पताल छोड फरार हो गया,महिला की मौत

पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी विधानसभा के एक गांव में एक झोलाछाप डॉक्टर ने एक महिला के प्राण हर लिए। झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के कारण मृतक महिला की तबीयत अधिक बिगड़ गई तो वह अपनी बाइक से महिला और उसके पति को पोहरी के अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। पोहरी अस्पताल प्रबंधन ने महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि झोला छाप डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया था और ड्रिप चढ़ाई थी उसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। शिवपुरी जिले में लगातार झोला छाप डॉक्टर के इलाज के कारण हुई मौतों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अब स्वास्थ्य विभाग इस डॉक्टर पर कार्यवाही कर प्रेसनोट रिलीज कर अपनी पीठ थपथपा लेगा।

जानकारी के अनुसार शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के छर्च थाना सीमा में आने वाले हिनोतिया में निवास करने वाल चनूटी कुशवाह अपने पति जगदीश के साथ गलथूनी गई थी। वहां से लौटते समय वे छर्च गांव रूके। ओर यहां झोलाछाप डॉक्टर अरविंद सेन ने अपनी क्लिनिक में चनूटी का इलाज किया।

झोलाछाप डॉक्टर अरविंद ने चनूटी को इंजेक्शन लगाया और बोतल चढ़ाई। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। अरविंद ने उन्हें घर जाने को कहा। घर पर हालत और खराब हुई। जब दोबारा क्लिनिक पहुंचे तो अरविंद उन्हें बाइक से पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले गया। वहां छोड़कर वह फरार हो गया। महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। सूत्रों के अनुसार, छर्च गांव में छह से अधिक अवैध क्लिनिक चल रहे हैं। पहले भी यहां झोलाछाप डॉक्टरों के गलत इलाज से कई लोगों की मौत हो चुकी है। फिर भी प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पाया है।