शिवपुरी। पुरानी शिवपुरी में नीलगर चौराहे पर आवारा सांड आपस में लड़ रहे थे। तभी रिटायर एएसआई को एक सांड ने सींगों पर उठाकर 5 फीट तक उछाल दिया। गंभीर रूप से घायल रिटायर एएसआई को ग्वालियर भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक भरद्वाज गली पुरानी शिवपुरी निवासी रिटायर पुलिस एएसआई महेंद्र सक्सेना (62) पुत्र स्व. जगदीश नारायण 4 मई की शाम 7 बजे काली माता मंदिर दर्शन करने घर से निकले। नीलगर चौराहे पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे। तभी एक सांड ने सींगों पर उठाकर फेंक दिया। दुकानदारों ने बचाया और इलाज के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी भर्ती कराया। परिजनों को पता चला तो अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत के चलते ग्वालियर ले गए, जहां आईसीयू में भर्ती कर इलाज चल रहा है।
सिर में चोट, हालत नाजुक
रिटायर एएसआई महेंद्र सक्सेना के सिर में गंभीर चोट आई है। इसलिए आईसीयू में भर्ती हैं। हालत नाजुक बनी है। एएसआई पद से फरवरी 2025 में ही रिटायर हुए थे। बता दें कि शिवपुरी शहर में आवारा सांड यमदूत बनकर घूम रहे हैं।