Shivpuri News- दिग्विजय सिंह पूरी विधानसभा में कांग्रेस की हार के कारणों की खोज करेंगे

NEWS ROOM
शिवपुरी।
मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार शाम 5 बजे शिवपुरी पहुंचेंगे। वह कमला हेरिटेज में कांग्रेस द्वारा आयोजित किए गए मंडलम और सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक में 4 घंटे तक कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। खास बात यह है कि वह शिवपुरी विधानसभा के 89 मंडलम और सेक्टर कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर पूछेंगे कि लगातार हम इस विधानसभा को हार रहे हैं इसके पीछे की वजह क्या है।

दरअसल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उन विधानसभा में जाकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं जहां कांग्रेस लगातार 4 बार हारी है। इसलिए शिवपुरी विधानसभा के कांग्रेसी गणित और यहां से लगातार मिलने वाली हार के कारणों पर कार्यकर्ताओं से जवाब लेकर जानेंगे कि आखिर यहां ऐसा क्यों है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने बताया कि मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से संवाद के लिए शिवपुरी विधानसभा, शिवपुरी ग्रामीण और खोड सेक्टर के ब्लॉक अध्यक्ष शामिल होंगे। इनके अलावा मप्र मंडलम प्रभारी अशोक सिंह, विधायक लाखन सिंह, विधायक बाबू जंडेल सिंह, विधायक गोपाल सिंह डग्गीराजा, जिला प्रभारी रश्मि पंवार, शिवपुरी के पूर्व एमएलए और पार्टी के जिलाध्यक्ष भी शामिल होंगे।
G-W2F7VGPV5M