Shivpuri News- प्रेसवार्ता में कांग्रेसी आए आमने-सामने, पूर्व नपा अध्यक्ष ने लगाए पूर्व जिलाध्यक्ष श्री प्रकाश पर गंभीर आरोप, सफाई देते रहे

NEWS ROOM
शिवपुरी
। विकास यात्रा पर सवाल उठाने और भाजपा काे घेरने के लिए बुधवार को बुलाई गई कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेसी ही आमने-सामने आ गए। भाजपा का मुद्दा तो दूर छूटता दिखाई दिया, हालात यह बने महीने भर पहले ही नियुक्त हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान के सामने ही पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर ने कहा- पहले का नेतृत्व ऐसा था कि उसने नगर पालिका चुनाव में पार्षद प्रत्याशियों का प्रचार तक नहीं किया। उनका इशारा पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा की ओर था। जब इस संबंध में दैनिक भास्कर ने श्रीप्रकाश शर्मा से बात की तो वे बोले- मैं इतना लोकप्रिय नहीं हूं कि जनता मुझे देखकर सभी वार्डों में वोट दे देती।

नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने भाजपा पर आरोप लगाए तो पत्रकारों ने पूछा कि कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर अब तक प्रदर्शन क्यों नहीं किए। इसी दौरान पूर्व नपा अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर ने पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा के नेतृत्व पर सवालिया निशान लगा दिया। उन्होंने कहा- पहले का नेतृत्व ऐसा था कि उसने नगर पालिका चुनाव में पार्षद प्रत्याशियों का प्रचार तक नहीं किया। सेंगर नपा के पूर्व उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा की ओर इशारा करते हुए बोले- इन पर कार्रवाई हुई तो इनके साथ भी खड़े तक नजर नहीं आए।

हालांकि इस दौरान उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष का नाम नहीं लिया। जब सेंगर यह आरोप लगा रहे थे, तब पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा मौजूद नहीं थे। हालांकि बाद में पहुंचे तो पत्रकारों ने आरोपों लेकर उनसे सवाल किए जिसे उन्होंने निराधार बताते हुए नकार दिया। आरोप-प्रत्यारोप के दौरान पूर्व विधायक गणेश गौतम, हरिवल्लभ शुक्ला, बासित अली, अरुणप्रताप सिंह चौहान, रामकुमार सिंह यादव, शिवप्रताप सिंह कुशवाह, विजय चौकसे, आलोक शुक्ला भी उपस्थित रहे।

पूर्व जिलाध्यक्ष बोले- अन्नी का मामला व्यक्तिगत था

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा से पत्रकारों ने पूछा कि कि सेंगर द्वारा लगाए गए आरोपों पर उनका क्या कहना है। इस पर पूर्व जिलाध्यक्ष शर्मा बोले- सारे आरोप निराधार हैं। अन्नी शर्मा पर कांग्रेस की वजह से मामला दर्ज नहीं हुआ। वहा उनका व्यक्तिगत मामला था। जहां तक नगर पालिका में परिषद बनाने की बात है तो हमारे नेता केपी सिंह जी कम पार्षदों की संख्या देखकर पहले ही कह गए थे कि हमें अध्यक्ष नहीं बनाना है। वे खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करना चाहते थे। इस वजह से हमने अध्यक्ष के चयन में रुचि नहीं ली।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विकास यात्रा को विनाश यात्रा बताया, कहा- लोग इसे भाव नहीं दे रहे

उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह चौहान ने विकास यात्रा को विनाश यात्रा बताते हुए कहा कि भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की कमी है और लोग उसे अब भाव नहीं दे रहे। यही कारण है कि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर विकास यात्रा निकाली जा रही है जिसमें काम न करने को लेकर तरह-तरह के आरोप-प्रत्यारोप भाजपा और प्रशासनिक अधिकारियों को झेलने पड़ रहे हैं। इन आयोजनों में भीड़ जुटाने नचनिया तक का इंतजाम किया जा रहा है। उन्होंने प्रभारी मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया की प्रशासन तक नहीं सुनता।

प्रमुख सचिव उनकी बात नहीं मान रहे। इससे साबित होता है कि भाजपा में उनके क्या हालात हैं। उन्होंने शहर में चार-पांच साल में भी झांसी रोड न बनने की बात कही तो पत्रकारों ने पूछा कि आखिर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन क्यों नहीं दिया। इस पर चौहान ने कहा कि मैंने अपना बयान जारी कर कहा था कि यहां डाले गए पत्थर उचटकर लोगों को लगेंगे। इसी के बाद कोर्ट रोड स्थित निवास पर यातायात विभाग से जबरन कार्रवाई करवाई गई।

किसी भी प्रत्याशी से पूछ लो

मुझसे नहीं आप तो पार्षदों का चुनाव लड़े हुए किसी भी प्रत्याशी से पूछिए। वह बता देगा कि जिला अध्यक्ष जी किस-किस के प्रचार में गए। जहां तक मेरी जानकारी है, 39 वार्ड में से किसी भी वार्ड में वह प्रचार करने नहीं गए जबकि वह कांग्रेस जिलाध्यक्ष थे। -जगमोहन सिंह सेंगर, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका शिवपुरी

मुझ पर आरोप निराधार है

फूल सिंह बरैया और संजय मसानी जब कांग्रेस का प्रचार करने आए थे, तब मैं 4-5 वार्ड में प्रचार करने गया। और मैं इतना लोकप्रिय नहीं की जनता मुझे देख कर सभी वार्डों में वोट देती। बड़े-बड़े वल्लम नेताओं से भोपाल से पार्षद पद का टिकट लेकर कांग्रेसी आए थे। -
पंडित श्री प्रकाश शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस

आपस में आरोप-प्रत्यारोप छोड़ें

पंडित श्रीप्रकाश शर्मा कितने वार्ड में प्रचार को गए यह मुझे नहीं मालूम, लेकिन वह हमारे वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने अपनी क्षमता के आधार पर बेहतर काम किया। मेरा तो सोचना यही है कि हमें आपस में आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विरोधी पार्टी भाजपा से लड़ने की रणनीति बनानी चाहिए। भविष्य में हम यही करने वाले हैं। -
विजय सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष कांग्रेस
G-W2F7VGPV5M