गोवर्धन थाना क्षेत्र के जंगलो में घूम रहे हथियार धारी डकैत, ग्रामीणों ने दबोचा, पुलिस छुपा रही हैं- Pohri News

NEWS ROOM
नासिर खान @ पोहरी।
खबर शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के गोवर्धन थाना क्षेत्र के ढेवला में शनिवार को गांव से लगे जंगल में डकैत गिरोह घूमने की खबर से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। दरअसल जंगल से लगे खेतों में काम कर रहे किसानों को 5 से 6 की संख्या अज्ञात बंदूकधारी लोग घूमते नजर आए किसानों ने इन्हें डकैत गिरोह समझा और खेतों से गांव की ओर दौड़ लगा दी।

गांव में पहुंचकर किसानों ने जंगल में डकैतों के घूमने की सूचना ग्रामीणों को दी जिससे गांव में दहशत फैल गई।जंगल में डकैत गिरोह घूमने की खबर आसपास के गांवों में जंगल में आग की तरह चारों ओर फैल गई। जिसके बाद पुलिस को जंगल में डकैत गिरोह घूमने की सूचना देकर कुछ ग्रामीणों ने लाइसेंसी बंदूकों के साथ जब जंगल से लगे खेतों में जाकर देखा तो पास के ही गांव के कुछ शिकारी जंगल में शिकार की तलाश में बंदूक लेकर घूमते नजर आए।

ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए शिकारियों को घेर कर मय बंदूक के पकड़ लिया। बाद में मौके पर पहुंची गोवर्धन थाना पुलिस ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए शिकारियों और उनके कब्जे से बरामद एक टोपी मार बंदूक को जब्त कर अपने साथ ले गई। जंगल में बदमाशों की जगह शिकारी होने पर फिलहाल आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। दरअसल ढेवला गांव के जंगल की सीमा पड़ोसी जिले श्योपुर से लगी हुई है जिस कारण यहां अक्सर पशु चोर गिरोह सक्रिय रहता है।

मामले को छुपाने में जुटी पुलिस

एक और जहां ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए जंगल से अज्ञात बंदूकधारी लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं दूसरी ओर गोवर्धन थाना पुलिस इस पूरे मामले को छुपाती नजर आई। इस संबंध में जब गोवर्धन थाना प्रभारी रघुवीर सिंह धाकड़ से बात की गई इस मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताते हुए जानकारी देने से ही इंकार कर दिया। संभवत: ग्रामीणों द्वारा बहादुरी दिखाते हुए पकड़े गए लोगों को बचाने के लिए गोवर्धन थाना पुलिस मामले को छुपाती नजर आ रही है।
G-W2F7VGPV5M