Shivpuri News- गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

Bhopal Samachar
शिवपुरी। गोवर्धन पूजा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता महोत्सव के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसका सीधा प्रसारण जिले में किया गया। जबकि जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र में रखा गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पाठ्य पुस्तक निगम उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा श्री प्रहलाद भारती एवं कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह तथा जिले के विभिन्न ग्रामों से आए एक सैकड़ा से अधिक कृषको एवं किसान महिलाओं की सहभागिता के साथ.साथ जनप्रतिनिधिए जिले के संबंधित विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे। सभी के द्वारा मुख्यमंत्री के उद्बोधन को लाईव देखा व सुना गया।

पाठ्य पुस्तक निगम उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा श्री प्रहलाद भारती ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत एक ऐसा देश है जो मातृभूमि के रूप में अपने देश को मानता है और उसकी सेवा करता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति जीवन दायिनी है, प्रकृति से हमें सब कुछ प्राप्त हुआ है। हमारा दायित्व है कि हम भी प्रकृति को कुछ देना सीखें।

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि वर्मी कंपोस्ट उत्पादन से जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा एवं उत्पादित उत्पाद गुणवत्ता युक्त एवं स्वास्थ्यवर्धक होता है। इससे मृदा एवं पर्यावरण प्रदूषण से भी राहत मिलती है। आजकल असंतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करने से पौधों में कई तरह की समस्याएं पैदा होती हैं।

इसके नियंत्रण के लिए अनेक कीटनाशक का प्रयोग असंतुलित मात्रा में होता है जो मानव के साथ.साथ अन्य जीवों पर सीधे प्रभाव डालता है। इसके दुष्परिणाम से मिट्टी, पानी एवं वायु सभी प्रदूषित हो जाते हैं। इससे बचाव के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती की तरफ हमें बढ़ने की जरूरत है। वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन एक जन कल्याणकारी कार्य साबित होगा और इसे बढ़ाने के लिए हमें सार्थक प्रयास करना चाहिए। इस मुहिम में आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं का अहम रोल है, क्योंकि गांव में वह स्वयं वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन कर ग्रामीणों को प्रोत्साहित कर सकती हैं।

ग्रामीण के साथ मिलकर किया गोवर्धन तथा गो.धन का पूजन

श्री प्रहलाद भारती एवं कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने ग्रामीणों के साथ गोवर्धन तथा गो.धन का पूजन किया। इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री यू.एस.तोमर. वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र श्री एम.के.भार्गव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

पौधरोपण कर दिलाया संकल्प

राज्यमंत्री दर्जा श्री प्रहलाद भारती एवं कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एवीएफओ प्रशिक्षण केन्द्र फतेहपुर कोठी नंबर.33 में तथा कृषि विज्ञान केन्द्र पिपरसमा में पौधरोपण कर संकल्प दिलाया। उन्होंने बताया कि हमारे प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अंकुर अभियान चलाया जा रहा है और इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ही प्रकृति का हरित श्रृंगार करना है।

उन्होंने उपस्थित जन को गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर संकल्प दिलाते हुए कहा कि हम अनावश्यक प्रकृति का दोहन नहीं करेंगे तथा हम हमारे परिवार के हर खुशी के अवसर पर स्मृति स्वरूप पौधारोपण कर उस पौधे की देखभाल कर उसे वृक्ष बनायेंगे। उन्होंने इस दौरान केंद्र पर अंकुर अभियान में पौधारोपण एवं प्राकृतिक कृषि प्रोत्साहन प्रदर्शन का अवलोकन भी किया गया।

उषा परिहार ने कृषकों को दी जैविक एवं प्राकृतिक खेती की समझाइश

दुर्गा माता स्व सहायता समूह करैरा की सचिव उषा परिहार ने अपने संबोधन में किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की समझाइश दी। वर्तमान समय में जैविक खेती के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने अपने संबोधन में कृषको को कम लागत ज्यादा मुनाफा, गांव के युवकों को इस खेती में आगे बढानें, अपने गाँव में बदलाव लाने तथा इस पर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
G-W2F7VGPV5M