शिवपुरी की बेटी को दिल्ली में ससुरालियो ने घर से भगा दिया, बेटा भी छीन लिया- Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। खबर शहर की सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की सीमा में आने वाले फतेहपुर क्षेत्र से आ रहे हैं कि फतेहपुर में रहने वाली एक विवाहिता  को पति सहित समस्त ससुराल वालो ने घर से मारपीट कर भगा दिया और उसके 4 साल के बच्चे को रख लिया।

बताया जा रहा हैं कि विवाहिता की ससुराल कोटा में है और और उसका पति दिल्ली में प्राइवेट जाॅब करता है। विवाहिता ने  दिल्ली   और शिवपुरी पुलिस से मदद की गुहार पूर्व में की थी,लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई इस कारण आज कलेक्टर शिवपुरी से इस मामले में मदद मांगी हैं।

फतेहपुर क्षेत्र में रहने वाली सरिता सेन ने बताया कि उसकी शादी राजस्थान के कोटा के रहने वाले विपिन बाथरा के साथ वर्ष 2015 में हुई थी। इसके बाद उसका पति जॉब करने के लिए दिल्ली चला गया था, वह भी पति के साथ अपने बच्चे को लेकर दिल्ली में ही रह रही थी। 3 अगस्त उसकी सास कोटा से दिल्ली पहुंची थी, जहां उसकी सास ने उसके पति से झगड़ा कराना शुरू कर दिया।

सास को पति ने भड़का कर घर से निकवाया

सरिता ने बताया कि उसकी सास से जब झगड़ा न करवाने की बात कही, तो उसकी सास ने पति को भड़का दिया। उसके बाद पति और उसकी सास ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी और उसके भाई को भी शिवपुरी से दिल्ली बुला लिया। 

सरिता ने बताया कि उसके भाई ने लाख समझाने की कोशिश की, लेकिन उसके भाई की बात का असर उसके पति और सास पर नहीं हुआ। उन दोनों ने मिलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया और उसके चार साल के बच्चे को भी नहीं दिया।

दिल्ली पुलिस ने भी मदद नहीं की

वह पुलिस थाने (दिल्ली) में शिकायत दर्ज कराने पहुंची, तो उसके भाई ने मना कर दिया और वह अपने भाई के साथ शिवपुरी आ गई। वह अपने भाई के साथ एक बार फिर अपने बच्चे को लेने दिल्ली पहुंची, तो वहां उसे बच्चा नहीं मिला। इसकी शिकायत उसने दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई। इसी दौरान वह दो दिन तक दिल्ली में रुकी, लेकिन पुलिस में उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

कलेक्टर से लगाई न्याय के लिए गुहार

महिला दिल्ली से मायूस होकर वापस शिवपुरी वापस लौट आई। सरिता ने बताया कि उसे मालूम पड़ा था कि उसका बच्चा कोटा (राजस्थान) उसकी ससुराल में हैं। वह कोटा पहुंची और बच्चे को वापस दिलाने की फरियाद कोटा पुलिस से लगाई। कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके बच्चे को उसके पति और सास के ही हवाले कर दिया, जो कि न्याय के लिए ठीक नहीं था। 

उसे कोटा से भी मायूस होकर लौटना पड़ा। सरिता ने कहा कि उसे कहीं भी न्याय नहीं मिला। उसने दो जिलों की पुलिस से उसका बच्चा वापस दिलाए जाने की गुहार लगाई, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। वह अपने चार साल के बच्चे को अपने साथ रखना चाहती है। वह अपने पति के साथ भी रहना चाहती है। यही फरियाद लेकर वह कलेक्टर के पास पहुंची है।
G-W2F7VGPV5M