सिंधिया निष्ठ भाजपाईयों ने सांसद केपी यादव पर दिग्विजय सिंह से सांठगांठ के लगाए आरोप- Shivpuri News

NEWS ROOM
शिवपुरी।
गुना शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद केपी यादव द्वारा केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ पार्टी आलाकमान को लिखे लेटर का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गुना जिले से बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं ने सांसद यादव पर गुंडागर्दी करने और जमीन हड़पने के आरोप लगाए हैं।

इस बाबत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा को भी पत्र लिख गया है। गुना जिले के कई भाजपा कार्यकर्ता राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। उन पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इशारे पर काम करने का आरोप भी लगाया है।

गुना जिले के भाजपा नेता प्रेमनारायण वर्मा ने सांसद यादव पर गुंडागर्दी करने और जमीन हड़पने के आरोप लगाए हैं। श्री यादव का कहना है कि सांसद के समर्थकों ने उनसे 5 लाख की फसल छीन ली और उनके परिवार के साथ मारपीट की। जब उन्होंने इसकी शिकायत सांसद यादव से की तो उन्होंने भी मुझे जान से मारने की धमकी दी। उक्त बीजेपी कार्यकर्ता का कहना है कि उस पर झूठा केस दर्ज कराया गया है।

सांसद यादव द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केपी यादव भाजपा से सांसद हैं। लेकिन काम दिग्विजय सिंह के इशारे पर कर रहे हंै। सांसद के समर्थक भी दिग्विजय सिंह से मिले हंै। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गुना में बहुत से लोग सांसद से परेशान हैं। सांसद के खिलाफ इस हमले से सांसद यादव और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच विवाद एक बार फिर से गरमाता नजर आ रहा है।

केपी यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा था पत्र

कुछ दिन पहले भाजपा सांसद केपी यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक मंत्रियों पर बड़ा आरोप लगाया था। श्री यादव का आरोप था कि सिंधिया समर्थक मंत्री उन्हें सरकारी कार्यक्रमों में नहीं बुलाते हैं।

उन्होंने लिखा कि मेरे लोकसभा क्षेत्र में सिंधिया समर्थक मंत्रियों और नेताओं द्वारा आयोजित होने वाले सरकारी कार्यक्रमों में उन्हें आमंत्रित नहीं किया जाता। सांसद ने यह भी आरोप लगाया था कि किसी कार्य के उदघाटन या लोकार्पण कार्यक्रम की शिलापट्टिका पर प्रोटोकॉल के तहत उन्हें उचित स्थान नहीं दिया जाता। सांसद ने पार्टी आलाकमान को यह भी अल्टीमेटम दिया था कि यदि इस विकट समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी से निष्ठा खत्म हो जाएगी और व्यक्ति निष्ठा को बढ़ावा मिलेगा।

चर्चा में जयवर्धन सिंह का बयान

कांग्रेस विधायक और दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह का श्री यादव के संबंध में यह बयान भी चर्चा में हैं। जिसमें जयवर्धन ने कहा था कि केपी यादव अच्छे आदमी हैं। अगर वह कांग्रेस में आते हैं तो उनका हम स्वागत करेंगे। जय वर्धन के इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गरम हो गया था।
G-W2F7VGPV5M