पंचायत सचिव के 22 साल के बेटे की लाश मेला ग्राउंड के पास वाले तालाब मे मिली, लापता था

Adhiraj Awasthi

दिनारा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा मे स्थित मेला ग्राउंड के पास के तालाब मे एक युवक की लाश मिली है। लाश की पहचान लोकेंद्र तोमर के रूप में हुई है,लोकेन्द्र बीते 10 मार्च से लापता था और वह इलाज के लिए घर से निकला था। पुलिस ने इस मामले में डेड बॉडी को पीएम पहुंचाते हुए मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है।

लोकेंद्र तोमर उम्र 22 साल जिले के डामरौन कला गांव का निवासी था। उसके पिता राजेंद्र तोमर वर्तमान में टीला पंचायत में सचिव के पद पर पदस्थ हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लोकेंद्र पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहा था। उसके दादा बद्री प्रसाद उसे बेहतर उपचार दिलाने की उम्मीद में करैरा लेकर आए थे। करैरा में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होना था, जिसके चलते उसे उसके पिता के करैरा स्थित आवास पर छोड़ा गया था। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था; 10 मार्च की दोपहर लोकेंद्र संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया।

10 दिनों से जारी थी तलाश
बेटे के अचानक गायब होने से परेशान पिता राजेंद्र तोमर ने तत्काल करैरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन पिछले 10 दिनों से हर संभावित ठिकाने पर लोकेंद्र को तलाश रहे थे, लेकिन शनिवार सुबह उसकी लाश मिलने के साथ ही सारी उम्मीदें टूट गईं।

पुलिस जांच के घेरे में मौत की वजह
दिनारा पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करैरा से लापता हुआ युवक दिनारा के तालाब तक कैसे पहुंचा? क्या यह महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है?