चैम्बर ऑफ कॉमर्स के दीपावली मिलन समारोह की आड़ में हुए चुनाव, अरविंद दीवान फिर अध्यक्ष - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। चैम्बर ऑफ कॉमर्स का दीपावली मिलन समारोह हैप्पीडेज स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हुए चुनाव में सर्वसम्मिति से पूर्व अध्यक्ष अरविंद दीवान पुन: अध्यक्ष चुने गए। श्री दीवान ने अध्यक्ष निर्वाचित होने के पश्चात चैम्बर के समस्त सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि वह चैम्बर ऑफ कॉमर्स की प्रतिष्ठा को कायम रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

चैम्बर के मानद सचिव विष्णु अग्रवाल ने अपने संबोधन में शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से कोरोना की विकट स्थिति से शिवपुरी उभरने में सफल रहा।

कार्यक्रम में पधारे भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा, विधायक वीरेंद्र रघुवंशी और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरवीर सिंह रघुवंशी तथा लायंस क्लब के पूर्व प्रांतपाल राजेंद्र गंगवाल का चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से सचिव विष्णु अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।

दीपावली मिलन समारोह की शुरूआत सरस्वती मां के चित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। समारोह में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिन्हें भरपूर सराहना मिली। मानसेवी सचिव विष्णु अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया और उन्होंने कोविड के दौरान की स्थितियों तथा वर्तमान स्थितियों पर प्रकाश डाला और शहर की परिस्थितियों को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की सराहना की।

बैठक में सर्वसम्मति से अरविंद दीवान को आगामी कार्यकाल के लिए अध्यक्ष बने रहने का प्रस्ताव पारित किया गया। सदस्यों की आत्मीयता के कारण श्री दीवान को यह प्रस्ताव स्वीकार करना पड़ा। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यवसायी नंदकिशोर राठी ने व्यक्त किया।
G-W2F7VGPV5M