अभिभाषक संघ का चुनाव कल: शैलेन्द्र समाधिया और सुरेश धाकड के बीच सीधा मुकाबला, 24 को होगी मतगणना - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। अभिभाषक संघ शिवपुरी के पदाधिकारियों के चुनाव 23 नबंवर को होने जा रहे हैं। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए अभिभाषक संघ के सदस्य अपना-अपना मत देकर चुनाव करेंगे। जबकि लाईब्रेनियन पद पर राजकुमार शाक्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। 11 कार्यकारिणी सदस्य भी निर्विरोध चुने गए हैं।

अध्यक्ष पद के लिए शैलेंद्र समाधिया और सुरेश धाकड़ के बीच सीधा संघर्ष है। विगत चुनाव में भी शैलेंद्र समाधिया ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था। लेकिन वह निर्वाचित अध्यक्ष विनोद धाकड़ से कड़े संघर्ष में पराजित हो गए थे। उपाध्यक्ष और सचिव पद पर जहां सीधा संघर्ष है। वहीं कोषाध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है। मतगणना 24 नबंवर को होगी।

अध्यक्ष पद के चुनाव में वरिष्ठ अभिभाषक विजय तिवारी ने शैलेंद्र समाधिया को समर्थन दिया है। जबकि पूर्व अध्यक्ष विनोद धाकड़ और स्वरूप नारायणभान की ओर से सुरेश धाकड़ चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद के लिए दोनों प्रत्याशी एक-एक मतदाता से सम्पर्क कर रहे हैं और दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़े मुकाबले की उम्मीद है।

उपाध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र सिंह सिकरवार और राजीव शर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। सचिव पद के लिए भरत ओझा और पंकजा आहूजा आमने सामने हैं। जबकि कोषाध्यक्ष पद के लिए गोपाल व्यास, ओमप्रकाश भार्गव तथा संजय शर्मा के बीच त्रिकोणीय संघर्ष है। खास बात यह है कि किसी भी पद के लिए मुकाबला एकतरफा नहीं है।

विनोद धाकड़, राजेश जाट, शंकरलाल गोविल, धर्मेंद्र शर्मा, आलोक श्रीवास्तव, रवि सोनी, निखिल सक्सैना, रमन अग्रवाल, स्वरूप नारायण भान और पूजा अग्रवाल कार्यकारिणी पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। एक अन्य अभिभाषक दीवान सिंह तोमर भी कार्यकारिणी पद के लिए निर्वाचित हो चुके थे। लेकिन सड़क दुर्घटना में पिछले दिनों उनका निधन हो गया।

मतदान सुबह साढ़े 10 से 5 बजे तक होगा

अभिभाषक संघ के चुनाव की तिथि पहले 22 नबंवर घोषित की गई थी। बाद में चुनाव की तिथि 23 नबंवर तय की गई। 23 नबंवर मंगलवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए वोट सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 5 बजे तक न्यायालय परिसर में डाले जाएंगे। मतगणना 24 नबंवर बुधवार को सुबह 11 बजे से होगी।
G-W2F7VGPV5M