CORONA की कमर तोडने के लिए वैक्सीन लगवाइए, शक्तिमान बन जाइए: डॉ.रामजी दास राठौर - Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। कोविड-19 वैक्सीनेशन जागरूकता कार्यक्रम को जूम मीट के माध्यम से संबोधित करते हुए डॉ.रामजी दास राठौर ने बताया कि समय पर वैक्सीन लगवाइए,शक्तिमान बन जाइये। युवाओं को कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार हम सभी को समय पर वैक्सीनेशन कार्यक्रम से जुड़कर वैक्सीन अवश्य लगवाना है।

जीरो उम्र के बच्चों को सरकारी टीकाकरण द्वारा समय पर टीका लगवाने से उन्हें भविष्य में होने वाली सभी प्रकार की बीमारियों से जिस प्रकार बचाया जाता है। उसी प्रकार वर्तमान में कोविड-19 वैक्सीनेशन कराने से हमें कोविड-19 के साथ विभिन्न प्रकार की बीमारियों से भी सुरक्षा प्राप्त होगी। वैक्सीनेशन कराने के बाद आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता स्वयं निर्मित होने लगेगी जो वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अति आवश्यक है।

हमारे द्वारा ली गई वैक्सीन से हम अपने जीवन की रक्षा के साथ लोगों के जीवन रक्षा भी कर सकते हैं। जब हम स्वस्थ होंगे तो हम दूसरों लोगों की आवश्यकता पड़ने पर मदद कर सकते हैं। अत: आप किसी भी उम्र के हो, अपना निर्धारित वैक्सीनेशंस स्लॉट बुक होने पर वैक्सीनेशन अवश्य करवाएं।

आप सभी युवा हैं। न्यूनतम संचार तकनीक से आप बेहतर रूप से जुड़े हुए हैं। आप उन लोगों की मदद करें जिन्हें स्लॉट बुक करने में असुविधा होती है।

वैक्सीनेशन के बारे में चल रही अफवाहों पर ध्यान ना दें, कि हमारी इम्यूनिटी पहले से ही काफी स्ट्रांग है। हमें वैक्सीनेशन की आवश्यकता नहीं है। यह बात पूर्णत: गलत है। आबादी के 10% लोगों को छोड़ दिया जाए तो बाकी 90% आबादी का खानपान सामान्य स्तर का है। ज्यादातर लोगों की इम्यूनिटी सामान्य है, अत्याधुनिक बीमारियों से लड़ने के लिए उन्हें सरकार द्वारा जारी विभिन्न वैक्सीनेशन कार्यक्रमों से जुड़कर अपने जीवन की रक्षा अवश्य करनी चाहिए।

जान है, तो जहान है। अपनी जान की रक्षा स्वयं करें। 2 गज दूरी, मास्क जरूरी। साफ सफाई का पूरा ख्याल। समय पर व्यायाम,थोड़ा आराम। समय पर खाना, हमेशा खुश रहना। यदि यह सब सुरक्षात्मक सावधानियां हमारे जीवन के साथ हैं।

तो बीमारियां पहले भी आती रही हैं, आगे भी आती रहेंगी। हम, हमारा परिवार, समाज, देश, हम सब के सहयोग से हमेशा स्वस्थ और खुशहाल बना रहेगा। इसलिए आप सभी संकल्प लें कि हम अपने आसपास के सभी लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करेंगे ।
G-W2F7VGPV5M