अवैध रूप से बंदूक खरीदकर लाया सरपंच पुत्र गिरफ्तार - karera News

करैरा। जिले के करैरा पुलिस ने अवैध रूप से बंदूक खरीदकर ला रहे रमगढ़ पंचायत के सरपंच के पुत्र रामवरण पुत्र मोहनसिंह गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए वह अपनी स्वेच्छा के लिए 315 बोर की बंदूक खरीदकर लाया था। उसके पास से बंदूक, 4 जिंदा राउंड और स्कोर्पियों गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

कल दोपहर करैरा टीआई अमित भदौरिया को सूचना मिली की एक युवक चार पहिया वाहन से अवैध बंदूक लेकर सुनारी की तरफ जा रहा है। इस पर श्री भदौरिया और सुनारी चौकी प्रभारी रूपेश शर्मा पुलिस बल के साथ राम पहाडी तिराहे पर पहुंचे और जहां उन्होंने नाकेबंदी लगाई।

शाम करीब 4 बजे बडगौर की तरफ से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियों क्रमांक एमपी 33 सी 6728 आती हुई दिखी। उसकी तलाशी लेने पर उसमेें से 315 बोर की अवैध बंदूक और लायसेंस मिले। आरोपी ने बताया कि वह उसे खरीदकर लाया है। पुलिस इस बात की तस्दीक कर रही है कि बंदूक कहीं चोरी या लूट की तो नहीं है।