करैरा। सीहौर थाना क्षेत्र के बनियानी गांव के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर रोककर किसान से 45 हजार लूट लिए। एक बदमाश ट्रॉली पर चढ़ गया और किसान की कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में छानबीन शुरू कर दी हैं।
जानकारी के मुताबिक किसान ओमकार सिंह उम्र 55 साल पुत्र श्रीपाल सिंह सोलंकी निवासी बरौआ अपनी धान बेचने के लिए डबरा मंडी गया था। 21 नवंबर को धान बेचकर गांव लौट रहा था। किसान अकेला था और रात भी अधिक हो गई थी। सीहोर थाने की सीमा में बनियानी गांव के पास पहुंचने पर पीछे से एक बदमाश ट्रॉली पर चढ़कर उस तक पहुंच गया। बदमाश ने कट्टा अड़ाकर ट्रैक्टर रुकवा लिया।
किसान ओमकार सिंह का कहना है कि बदमाशों ने कट्टे से गोली मारने की धमकी और जेब में रखे 45 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद तीनों बदमाश बाइक से भाग गए। तीनों बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर आए थे। पुलिस ने तीनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी हैं।