प्रदेश उपाध्यक्ष पर दर्ज मामले को लेकर कांग्रेसियों में रोष, मुकदमा निरस्त करने की मांग / Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर यादव पर बीते रोज करैरा और पोहरी में ली गई बैठकों को लेकर पूर्व सांसद प्रतिनिधि एड.विजय शर्मा द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी जिस पर उपयंत्री की शिकायत पर पुलिस में लॉकडाउन उल्लंघन करने को लेकर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर यादव के विरूद्ध धारा 188 के तहत मामला भी पंजीबद्ध कर लिया गया।

लेकिन इस घटनाक्रम से कांग्रेसी आहत हुए और इस संदर्भ में दर्ज एफआईआर निरस्ती को लेकर सोमवार के रोज जिला मुख्यालय पर कलेक्टर श्रीमती अनुग्रह पी. के समक्ष पूर्व विधायक हरिबल्लभ शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश शर्मा, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष नरेन्द्र जैन भोला, पूर्व अध्यक्ष नपा जगमोहन सिंह सेंगर, प्रदेश सचिव कांग्रेस सेवादल अनिल उत्साही, राजेशबिहारी पाठक प्रवक्ता जिला कांग्रेस शिवपुरी द्वारा ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर यादव शिवपुरी से निकलकर गृह निवास दतिया की ओर जा रहे थे तब उन्हेांने सामाजिक दूरी बनाकर नियम का पालन करते हुए मास्क लगाकर एक-एक कार्यकर्ता से अलग-अलग चर्चा की।

इसी तरह नियम का पालन करते हुए वह करैरा और दिनारा में भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तब भी लॉकडाउन के किसी तरह के नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ। लेकिन राजनैतिक विरोधियों द्वारा हीन भावना से शिकार होकर द्वेषपूर्ण भावना के तहत यह झूठी शिकायत की गई है और इस दर्ज एफआईआर निरस्ती की मांग हम कांग्रेसजन करते है।

करैरा में प्रेसवार्ता कर कांग्रेसजनों ने बताया भाजपा का हिटलरशाही रवैया

इसी क्रम में करैरा में कांग्रेसजनों ने भी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर यादव पर दर्ज मामले को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की और इसमें करैरा के कांग्रेसजन पूर्व विधायक श्रीमती शकुन्तला खटीक, कांग्रेस जिला महामंत्री एवं अनु.जिलाध्यक्ष योगेश करारे चीकू, नारायण प्रसाद गेढ़ा, डॉ.किशन लाल राय, धर्मचंद जैन समाजसेवी, मानसिंह फौजी, दिनेश परिहार सदस्य जिला पंचायत, रूपेन्द्र यादव जिलाध्यक्ष उपभोक्ता संरक्षण द्वारा इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा सरकार की हिटलरशाही रवैया बताया गया।

इन कांग्रेसियों ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष दामोदर यादव के  दौरा कार्यक्रम को लेकर भाजपा का एक गुट चाटुकार और भाजपाईयों के पेट में दर्द होने लगा है उसी के चलते हिटलरशाही प्रयोग कर प्रदेश उपाध्यक्ष पर धारा 188 के तहत मामला पंजीबद्ध कराया गया।  लेकिन कांग्रेसजन पूरी एकजुटता के साथ इस घटना का विरोध करते है और प्रदेश उपाध्यक्ष पर दर्ज मामले को निरस्त करने की मांग करते है।
G-W2F7VGPV5M