युवक की मौत, हत्या की आंशका, पति पत्नि के बीच सब कुछ नहीं था ठीक | khaniyadhana News

खनियांधाना। जिले के खनियांधाना थाना क्षेत्र के ग्राम भोडऩ में गुना के सुभाष कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय अजीत सेंगर पुत्र गजेंद्र सिंह सेंगर की मौत हो गई। मृतिका की पत्नी का कहना है कि वह रात में शराब पीकर सोया था और सुबह मृत मिला।

चार माह पहले मृतक अजीत अपनी पत्नी के साथ भोडऩ में रहने लगा था। जहां उसकी पत्नी अपने जीजा के साथ रहती थी। मृतक के पिता गजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उसके पुत्र अजीत की हत्या की गई है और उसके शरीर पर चोट के निशान है। ,

तीन साल पहले गुना निवासी अजीत की शादी झांसी के ग्राम हर्षपुर निवासी रणमत सिंह की पुत्री आरती से हुई थी। शादी के बाद आरती दो बार ससुराल आई और फिर वह ससुराल नहीं आई। इन तीन सालों में वह अपने जीजा कृष्णपाल के यहां ग्राम भोडऩ में रह रही थी।

गजेंद्र का कहना है कि उसने अपनी पुत्र वधु को घर लाने का कई बार प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। चार माह पहले उसका पुत्र अजीत भी भोडऩ जाकर रहने लगा। गजेंद्र का कहना है कि रविवार की रात उसकी अजीत से बात हुई थी। उसके दो नातियों से भी उसने बातचीत की थी।

अजीत ने बताया था कि वह 5 तारीख को आएगा। लेकिन कल भोडऩ से फोन आया कि अजीत रात को शराब पीकर सोया और सुबह वह मृत अवस्था में मिला। आरती का जीजा कृष्णपाल रिश्ते में अजीत का मामा था और उसी ने अजीत की शादी आरती से कराई थी।


पति पत्नी के संबंध ठीक नहीं थे
बताया जाता है कि अजीत और आरती के संबंध ठीक नहीं थे। दो साल पहले आरती तलाक का नोटिस अजीत को भेज चुकी थी। जिसकी पुष्टि मृतक के पिता गजेंद्र सिंह ने भी की। गजेंद्र सिंह ने कहा कि घर पर नोटिस आया था। लेकिन अजीत घर पर नहीं था। इस कारण वह नोटिस नहीं लिया गया। नोटिस में क्या था। इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।