घोटाला: स्कूल संचालक बना अतिथि शिक्षक, प्रिंसिपलो ने घर में ही पका दी अवैध नियुक्तिया

शिवपुरी। खबर शिक्षा विभाग से जुडी हुई हैं और बदरवास ब्लॉक से आ रही हैं। बताया जा रहा हैं कि अतिथि शिक्षको की भर्तीयो में गडबडी की हैं। मिडिल स्कूल ढेंकुआ में नियुक्त अतिथि शिक्षक खुद का रन्नौद कस्बे में निजी स्कूल संचालित कर रहा है। कई स्कूल ऐसे हैं, जहां शिक्षक और हेडमास्टराें ने खुद के बेटे, भतीजे या अन्य रिश्तेदार की नियुक्त करा ली।

ये अतिथि शिक्षक बगैर स्कूूल जाए ही हर माह मानदेय निकाल रहे हैं। अतिथि शिक्षकों की मनमर्जी से नियुक्त के इस मामले में शिक्षा विभाग और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। मालूम हाे कि इस बार हेडमास्टराें काे ही अतिथि शिक्षकाें की नियुक्ति के अधिकार दिए गए थे। इसलिए इस तरह के फर्जीवाड़े की शिकायतें ज्यादा आ रही हैं।

शक्ति कॉलोनी शिवपुरी निवासी पंकज भार्गव 60 किमी दूर मिडिल स्कूल दीवान की बामौर में अतिथि शिक्षक हैं। पंकज ने बताया कि वह वर्तमान में एलएंडटी फायनेंस कंपनी में ऑपरेशन मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। स्कूल प्रबंधन की मिलीभगत से स्कूल में अतिथि शिक्षक दर्शाकर वेतन निकाली जा रही है।

शिवशंकर यादव प्राइमरी स्कूल टीलाकला में अतिथि शिक्षक है। वर्तमान में शिवपुरी शहर में रहकर संविदा शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी के लिए काेचिंग जाते हैं। शिवशंकर के पिता राजेंद्र सिंह ग्राम पंचायत दीवान की बामौर में सचिव हैं। पूर्व विधायक की मदद से अतिथि शिक्षक बने हैं।

स्कूल संचालक को बना दिया अतिथि शिक्षक
सरकारी नौकरी में लाभ मिल जाए, इसलिए अतिथि शिक्षक बना राकेश श्रीवास्तव मिडिल स्कूल ढेंकुआ में अतिथि शिक्षक हैं। जबकि इनका खुद का सुभाष निकेतन पब्लिक स्कूल रन्नाैद में चलता है। ये सरकारी स्कूल में पढ़ाने की बजाय अपने स्कूल में पढ़ाते हैं। मानदेय बगैर पढ़ाए ले रहे हैं।

आज स्कूल नही आई यह अतिथि शिक्षक
महल कॉलोनी शिवपुरी निवासी मनीषा श्रीवास्तव 68 किमी दूर न्यू हाई स्कूल ढकरोरा में अतिथि शिक्षक हैं। वर्तमान प्राचार्य शिवेंद्र जाट ने बताया कि जनवरी 2020 से चार्ज मिला है, तभी से अतिथि शिक्षक मनीषा स्कूल नहीं आईं हैं। प्रभारी प्राचार्य रहे जेपी शर्मा के समय मनीषा को अतिथि शिक्षक बनाया था।

यह अतिथि शिक्षक गुना में रहती हैं।
राजकुमारी रघुवंशी प्राइमरी स्कूल सिंघारही में अतिथि शिक्षक हैं। जन शिक्षा केंद्र इंदार के सीएसी उग्रसेन सिंह रघुवंशी इनके रिश्तेदार हैं। शनिवार को फोन पर बातचीत में राजकुमारी ने बताया कि उनकी तबियत खराब है, इसलिए स्कूल नहीं गईं। जबकि राजकुमारी का दस्तावेज में पता छाबड़ा कॉलोनी गुना दर्ज है।

सीएसी ने अपने बेटे को बनाया अतिथि
सुनील कुमार सेन मिडिल स्कूल चक मोहम्मदपुर में अतिथि शिक्षक हैं। सुनील मिडिल स्कूल ढेंकुआ के प्रभारी हेड मास्टर फूलसिंह सेन के बेटे हैं। सुनील के चाचा संतोष सेन सीएसी हैं। इसलिए सुनील को अपने ही क्षेत्र के स्कूल में अतिथि शिक्षक बना दिया। सुनील शिवपुरी में रहकर संविदा शिक्षक वर्ग-3 की तैयारी कर रहा है।

हेडमास्टर ने बेटे को बनाया अतिथि
ग्राम सुनाज निवासी अजय कुमार सोनी प्राइमरी स्कूल कमलपुर में अतिथि शिक्षक हैं। इसी स्कूल में अजय के पिता राधेश्याम प्रभारी हेड मास्टर हैं। यानी हेड मास्टर ने अपने ही बेटे को अतिथि शिक्षक बनाया है। अजय सोनी भी शिवपुरी में रहकर कोचिंग कर रहा है।