जंगलो से खैर की तस्करी करते वन विभाग की टीम ने 3 आरोपी पकडे, 1 फरार

बदरवास। बदरवास रेंज क्षेत्र में गुना-शिवपुरी जिले की सीमा पर खैर की लकड़ियों का अवैध रूप से परिवहन कर लेते जाते हुए मेटाडोर जब्त की गई है। वन विभाग ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ा है जबकि चौथा आरोपी मौके से भाग निकला। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बदरवास रेंजर महेश शर्मा ने दल बल के साथ बुधवार-गुरुवार की तड़के 4.30 बजे गुना-शिवपुरी जिले की सीमा पर नौनागिर बीट में खैर से भरी मेटाडोर जब्त की है। रेंजर शर्मा ने बताया कि मौके से आरोपी गोवर्धन साहू, रामलखन नायक निवासी झालावाड़ा राजस्थान और लालाराम धाकड़ निवासी गुना को गिरफ्तार किया है।

जबकि चौथा आरोपी नानसिंह पटेल अंधेरे का फायदा लेकर भाग निकला। मेटाडोर में खैर के 134 नग हैं जिसकी मार्केट कीमत 70 हजार से अधिक है। खैर की लकड़ियां छीलकर ले जाई जा रहीं थीं। संबंधितों के खिलाफ चार अधिनियमों की धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में चालान पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया है।


लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली एसडीएम ने की जब्त
पोहरी| पोहरी क्षेत्र में शुक्रवार को एसडीएम ने लकड़ियों से भरा एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पकड़े गए ट्रैक्टर ट्रॉली को एसडीएम ने थाना परिसर में रखवा दिया है।

जानकारी के अनुसार झिरी परिच्छा मार्ग पर लकड़ी से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली शिवपुरी आ रहा था तभी एसडीएम पल्लवी वैद्य ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और ट्रैक्टर के पास पहुंचकर चालक को वाहन रोकने को कहा। इसके बाद ट्रैक्टर चालक से लकडिय़ों परिवहन के दस्तावेज मांगे तो वह नहीं दिखा सका। इसके बाद एसडीएम ने ट्रैक्टर को थाना पोहरी में रखवा दिया है।