मलाईदार पदों के लिए कांग्रेसी नेताओं में रेस, पढ़िए कौन कितना आगे | Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बने हुए एक साल से अधिक समय हो गया है। अब कांग्रेस कार्यकर्ता निगम मंडलों सहित मलाईदार पोस्टों पर नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि शिवपुरी जिले में महाविद्यालयों में जनभागीदारी के अध्यक्ष, योजना समिति और सीसीवी बैंक के चैयरमेन की नियुक्तियां जल्द होने वाली हैं और इसके लिए नाम मांगे गए हैं। बताया जाता है कि प्रत्येक पद के लिए तीन-तीन नामों का पैनल मांगा गया है। अस्पताल की व्यवस्थाओं के लिए भी पांच सदस्यीय समिति गठित की जा रही है। जल्द ही लिस्ट जारी होने की उम्मीद है।

केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री हरवीर सिंह रघुवंशी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। इस पद के लिए पैनल में वरिष्ठ कांग्रेस नेता केशव सिंह तोमर का नाम भी शामिल है। शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पद के लिए छत्रपाल सिंह गुर्जर का नाम तय बताया जा रहा है।

बताया जाता है कि उनका नाम पूर्व मंत्री रामनिवास रावत और रामनिवास सिंह गुर्जर ने भेजा है। उनके नाम का पुलिस वैरीफिकेशन भी होने का समाचार है। हालांकि इस पद के लिए पैनल में संजय सांखला का भी नाम था। गल्र्स महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष के लिए पैनल में पूर्व विधायक गणेश गौतम की पत्नी तृप्ति गौतम, महिला नेत्री ऊषा भार्गव और पूर्व पार्षद आकाश शर्मा की मां का नाम बताया जा रहा है।

लेकिन बताया जाता है कि तृप्ति गौतम के नाम को हरी झंडी मिल गई है और उनके नाम का पुलिस वैरीफिकेशन भी हो गया है। परंतु यह भी खबर है कि श्रीमति तृप्ति गौतम ने अध्यक्ष बनने से इंकार कर दिया है। कोलारस महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति का अध्यक्ष ओपी भार्गव को बनाए जाने का समाचार है।

बदरवास महाविद्यालय में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस नेता बल्ली ठेकेदार और ब्रजेंद्र सिंह पडरिया का नाम बताया जाता है। पोहरी महाविद्यालय में श्रीलोधी के नाम की चर्चा है। योजना समिति में सदस्य के रूप में पूर्व विधायक गणेश गौतम का नाम प्रमुखता से चल रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गणेश गौतम के नाम की चर्चा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पूर्व विधायक गणेश गौतम का नाम लिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार उनके नाम को हरी झंडी मिल चुकी है और इसे भांपकर श्री गौतम ने अपनी पत्नी तृप्ति गौतम के नाम को विथड्रो कर लिया है। बताया जाता है कि उन्हें गल्र्स कॉलेज की जनभागीदारी समिति का अध्यक्ष बनाया जा रहा था।