30 को होगी भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए रायशुमारी: गाईड लाईन तैयार, टूटेगा पार्टी का पैरामीटर

Bhopal Samachar

शिवपुरी।भाजपा के जिला अध्यक्ष की उलटी गिनती शुरू हो गई है।। 30 नवंबर को पार्टी के जिला निर्वाचन अधिकारी रायशुमारी के लिए शहर आने वाले हैं। इसके बाद मंडल अध्यक्षों से मशवरा किया जाएगा। जिला सदर की ताजपोशी किसके सर की जाए, इसके लिए मत संग्रह होगा।

पार्टी के जिलाध्यक्ष के लिए जहां पुराने चेहरे आस लगाए हैं। वहीं नए चेहरे भी मैदान में दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा हैं कि अध्यक्ष के चुनाव के लिए पार्टी ने पैरामीटर तैयार किया हैं,लेकिन यह पैरामीटर देखने और दिखाने को होगा आपसी खीचतानी और गुट बाजी में इस पैरामीटर टूटने के पूरे आसार है।

50 की उम्र के अध्यक्ष पर जोर
पार्टी ने उम्र की जो गाइड लाइन तय की है, उसके मुताबिक इस बार 50 साल से कम आयु का जिलाध्यक्ष चुना जाना है। यदि ऐसा हुआ तो कुछ पुराने चेहरे जिन्हें अध्यक्ष बनने की चाहत है, वे इस दौड़ से दूर हो सकते हैं। हालांकि पार्टी अनुभव को वरीयता दे सकती है। यह बात भी सामने आ रही है। यही कारण है कि पुराने चेहरे भी दौड़ में बने हुए हैं।

46 व्यक्ति करेंगे जिलाध्यक्ष का चुनाव
पार्टी की मानें तो जिलाध्यक्ष का चयन वैसे तो 23 मंडल अध्यक्ष करेंगे। उनकी रायशुमारी से ही जिलाध्यक्ष की ताजपोशी होगी। नियमानुसार पार्टी एक-एक प्रतिनिधि भी नियुक्त करती है। इस तरह 46 लोग अध्यक्ष का चुनाव कर सकते हैं। हालांकि यह सब 30 नवंबर को रायशुमारी के बाद तय किया जाएगा।

वीटो का भी रहेगा जोर
जिलाध्यक्ष के लिए जहां मंडल अध्यक्षों की राय महत्व रखती है। वहीं कद्दावर नेताओं का बरदहस्त भी आवश्यक है। यानि कि पार्टी के नामचीन नेताओं का आशीर्वाद भी अध्यक्ष पद तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा।

यहां यह बात इसलिए प्रासंगिक है कि बीते मंडल चुनाव में जब कुछ मंडलों में एक राय से वरिष्ठ नेतृत्व का निर्णय स्वीकार्य होने की बात कही गई थी तो भोपाल में सूची अटकी और उसके बाद पार्टी ने गाइड लाइन का पालन करते हुए दोबारा रायशुमारी कराई। यहां तक कि चुनाव अधिकारी तक बदले गए। बावजूद इसके जिन मंडलों पर एक राय से स्वीकार्यता दोहराई गई थी उन पदों पर वही काबिज हुए जो अपने नेता के लाड़ले हैं।

चार मंडल अध्यक्ष अटके
मंडल अध्यक्षों के बीते दिनों घोषित हुए नामों में रन्नाौद, खरई, पुरानी शिवपुरी सहित के नाम तय नहीं हुए हैं, यानि कि यहां मंडल अध्यक्ष के नाम सामने आना बाकी है। माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही इन नामों को तय कर जिलाध्यक्ष का चुनाव कराएगी।

इन नामों पर टिकीं निगाहें
50 की उम्र से कम वाली सूची में जो नाम लिए जा रहे हैं, उनमें धैर्यवर्धन शर्मा, सोनू बिरथरे, दिलीप मुदगल, सुरेंद्र शर्मा, रामू बिंदल, हेमंत ओझा, अजित जैन, विवेक पॉलीवाल, पृथ्वीराज जादौन और राजकुमार खटीक के नाम सामने आ रहे हैं तो वहीं 50 से ऊपर वाली सूची में वर्तमान जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी दौड़ में बने हुए हैं। सबको साथ लेकर चलने और वरिष्ठ नेतृत्व का लाड़-प्यार उन्हें उम्र के बंधन से मुक्त कर सकता है तो वहीं राजू बाथम, नरेंद्र बिरथरे, प्रहलाद भारती, अशोक खंडेलवाल सहित डॉक्टर अरविंद बेडर के नाम चर्चा में हैं।
G-W2F7VGPV5M