सुशील रघुवंशी से छिन सकती है जिलाध्यक्ष की कमान, BJP के संगठनात्मक चुनाव की रूपरेखा को लेकर मंथन आज

Bhopal Samachar
शिवपुरी। लगातार 2 साल से भाजपा जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर जमें बैठे सुशील रघुवंशी की मुश्किलें अब बढती दिखाई दे रही है। भाजपा संगठन चुनाव की घोषणा होते ही जिले में भी पार्टी नेताओं के बीच सरगर्मियां बढ़ गई हैं। पार्टी गाइड लाइन के अनुसार, जो दो बार जिलाध्यक्ष रहने वाले नेता तीसरी बार पार्टी के जिलाध्यक्ष नहीं बन सकते। इसलिए वर्तमान जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी का दावा उतना मजबूत नजर नहीं आ रहा। ऐसे में इस बार पार्टी संगठन किसी नए नेता को जिले का मुखिया बना सकता है। यही कारण हैं कि अभी से कई नेता इस पद के लिए सक्रिय हो गए हैं।

भाजपा के संगठनात्मक चुनाव के संबंध में रविवार को बैठक होगी। इस बैठक में पार्टी संगठन की और से अधिकृत किए गए जिला निर्वाचन अधिकारी पूर्व विधायक जसवंत हांडा भी शामिल होंगे। वे कार्यकर्ताओं और संगठन नेताओं से इस संबंध में बातचीत करेंगे। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी डॉ. राकेश राठौर ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे स्थानीय परिणय वाटिका में जिलास्तरीय कार्यशाला होगी। इस कार्यशाला में सांसद डॉ. केपी यादव, विधायक यशोधरा राजे सिंधिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी और विधायक वीरेंद्र रघुवंशी भी शामिल होंगे।

पार्टी ने गाइड लाइन तय की है कि जो नेता दो बार जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, वे जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी नहीं कर सकेंगे। इसलिए वर्तमान जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी की दावेदारी उतनी मजबूत नहीं दिखती। इस संबंध में जब श्री रघुवंशी से पूछा गया तो वे बोले कि संगठन नेताओं और कार्यकर्ताओं की रायशुमारी के बाद ही वरिष्ठ नेता तय करेंगे कि क्या होना है यानि उन्होंने सीधे-सीधे अपनी दावेदारी से इनकार नहीं किया है। हालांकि इस पद पर कई नेता नजर लगाए हुए हैं।

यह हो सकते हैं अध्यक्ष पद के दावेदार
पार्टी सूत्रों की माने तो भाजपा के पूर्व विधायक नरेंद्र बिरथरे पूर्व में पार्टी के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और इस बार उनके नाम की चर्चा भाजपा के अंदरूनी खेमे में हैं। इसी तरह से भाजपा संगठन से जुडे राजू बाथम, सुरेंद्र शर्मा, धैर्यवर्धन शर्मा, जगराम सिंह यादव, अरविंद वेडर और पूर्व विधायक प्रह्लाद भारती के साथ अशोक खंडेलवाल के नाम भी चर्चाओं में हैं। हालांकि अब संगठन किसके नाम पर और कब मोहर लगाता है यह तो आने वाला वक्त ही तय करेगा। 
G-W2F7VGPV5M