पोहरी। जिले के पोहरी के ग्राम आमतला में ग्राम पंचायत भटनावर के सरपंच बैदेहीचरण ने अपने मित्र और परिवारजनों के साथ मिलकर एक युवक और उसके चाचा पर कुल्हाड़ी, सरिया, लुहांगी और खरैरा से जानलेवा हमला बोल दिया जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि पीड़ित युवक का सरपंच की पुत्री के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते युवक ने शादी रूकवा दी थी।
आरोपी सरपंच इस बात से नाराज था क्योंकि पीडि़त युवक ओमी उर्फ ओमप्रकाश वर्मा ने सरपंच की पुत्री का बाल विवाह नहीं होने दिया था और उसने बाल विवाह की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी और पुलिस ने इस मामले में अपराध भी कायम किया था। पुलिस ने पीडि़त युवक की रिपोर्ट पर से आरोपी सरपंच और उसके 6 साथियों पर भादवि की धारा 307, 323, 324, 204, 506, 147, 148 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ओमी उर्फ ओमप्रकाश पुत्र धनीराम वर्मा निवासी आमतला बीते शाम करीब 6:30 बजे अपने खेत पर था तभी पुरानी रंजिश पर आरोपी सरपंच बैदेहीचरण धाकड़ अपने परिवार के रामजीलाल धाकड़, मुरारीलाल धाकड़, रामभरत धाकड़ और उसका पिता बल्लूराम धाकड़ निवासीगण भटनावर, दीपेंद्र राजावत और वीरेंद्र राजावत निवासीगण खौरिया बटका वहां आए।
जिन्होंने फरियादी द्वारा सरपंच पर दर्ज कराए बाल विवाह के मामले को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया और आरोपियों ने एक राय होकर ओमी पर लाठी, लुहांगी, सरिया, कुल्हाड़ी और खरैरा से हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके चाचा अरविंद धाकड़ के साथ मारपीट की। जिससे चाचा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की प्रेमिका थी सरपंच की पुत्री
पोहरी टीआई दीनबंधु सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि सरपंच बैदेहीचरण की पुत्री का प्रेम प्रसंग ओमी धाकड़ के साथ चल रहा था जब यह बात सरपंच को पता लगी तो उसने अपनी पुत्री का विवाह दूसरी जगह तय कर दिया और उसका विवाह भी करा दिया। जब ओमी को यह बात ज्ञात हुई तो उसने थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि सरपंच ने अपनी नाबालिग पुत्री का बाल विवाह कर दिया है। शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस ने सरपंच सहित उसके परिवार और वर पक्ष के खिलाफ बाल विवाह का प्रकरण दर्ज कर लिया था और इसी बात को लेकर आरोपी सरपंच ओमी से टसन रखे हुआ था।
ओमी पर प्रेमिका ने दर्ज कराया था बलात्कार का मामला
टीआई श्री तोमर ने बताया कि ओमी धाकड़ और सरपंच की पुत्री के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी सरपंच को लगने पर सरपंच ने अपनी पुत्री से ओमी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था और इसके बाद सरपंच ने उसका विवाह दूसरी जगह करा दिया जिसका बदला लेने के लिए ओमी ने बाल विवाह का प्रकरण दर्ज कराया और इन्हीं मामलों के दर्ज होने पर दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी पैदा हो गई। जिसका परिणाम कल हुई घटना के रूप में सामने आया है।

