Shivpuri News, पत्नि का पलटवार, कहा देह व्यापार के लिए दबाव डालता है ग्राहक भी ले आया था

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शहर के पुरानी शिवपुरी क्षेत्र के एक परिवार का झगड़ा अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय की चौखट तक पहुँच गया है। यह मामला तब चर्चा में आया जब पति ओमी रजक ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी से जान का खतरा बताते हुए शिकायत दर्ज कराई। लेकिन अगले ही दिन पत्नी कोमल रजक ने एसपी ऑफिस पहुंचकर पति के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन पर शराब के नशे में मारपीट करने और देह व्यापार के लिए दबाव बनाता है।

पति का आरोप,तीसरे की एंट्री ने उजाड़ा घर
बड़ा बाजार निवासी ओमी रजक का कहना है कि उनकी 15 साल की शादीशुदा जिंदगी में गोविंद मांझी नामक व्यक्ति की एंट्री ने जहर घोल दिया है। ओमी का आरोप है कि उसकी पत्नी घंटों फोन पर बात करती है और विरोध करने पर उसे जान से मारने या झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जाती है। ओमी ने अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए गुहार लगाई है।

देह व्यापार के लिए ग्राहक घर ले आया
इसी मामले को लेकर आज एसपी ऑफिस पर कोमल रजक ने अपने पति पर पलटवार किया है। कोमल रजक ने मीडिया को बयान दिया है कि मेरे पति शराब पीता है और शराब के लिए पैसे मांगता है और आए दिन गाली गलौज करता है। पत्नी ने कहा कि मेरा पति देह व्यापार के लिए दबाव डालता है और एक दिन तो वह ग्राहक की स्वयं लेकर घर आ गया था। कोमल के अनुसार, 5 मार्च की शाम ओमी ने शराब के नशे में न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आई उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी पायल को भी नहीं बख्शा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
पीड़िता कोमल ने देहात थाना पुलिस पर भी सुनवाई न करने का गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना के बाद जब वह थाने पहुँची, तो न तो उसकी रिपोर्ट लिखी गई और न ही उसकी घायल बेटी का मेडिकल कराया गया। इसी से दुखी होकर उसे एसपी के पास आना पड़ा।

अब यह मामला आरोप-प्रत्यारोप के जाल में उलझ गया है। एक तरफ पति अपनी हत्या की साजिश का डर जता रहा है, तो दूसरी तरफ पत्नी अपने और बच्चों के भरण-पोषण और सुरक्षा की लड़ाई लड़ने का दावा कर रही है। अब पुलिस की निष्पक्ष जांच ही साफ कर पाएगी कि असली पीड़ित कौन है।