Shivpuri News, दोस्ती के पीछे छिपा था दुश्मन, साथ बैठकर पी शराब, फिर पत्थर से कुचलकर हत्या, आरोपी ने कबूला जुर्म

Adhiraj Awasthi

पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना अंतर्गत नांद गांव में हुए सनसनीखेज सोनू आदिवासी हत्याकांड का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही साथी की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जामुन के पेड़ के नीचे मिला था लहूलुहान शव
घटना की शुरुआत शनिवार सुबह हुई, जब कछौआ मौजा के चाली की डांग स्थित कटाई वाले नाले के पास एक जामुन के पेड़ के नीचे 38 वर्षीय सोनू आदिवासी का शव मिला। सोनू मूलत रुपनवारा का निवासी था लेकिन पिछले कुछ समय से अपनी ससुराल नांद में रहकर खेती-बाड़ी कर रहा था। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो सोनू का सिर पत्थर से कुचला गया था और चारों तरफ खून फैला हुआ था। मृतक के पिता बाबूलाल आदिवासी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।

शराब की महफिल के बाद रची गई मौत की साजिश
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ और एएसपी संजीव मुले के निर्देशन में पिछोर थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह की टीम ने जब जांच शुरू की, तो संदेह की सुई गांव के ही अतर सिंह आदिवासी पर जाकर टिकी।

हिरासत में लेकर की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी अतर सिंह 32 वर्ष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी सोनू से पुरानी रंजिश चल रही थी। 4 मार्च की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशें में होने का फायदा उठाकर अतर सिंह, सोनू को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर कटाई वाले नाले की ओर ले गया। वहां मौका पाकर उसने भारी पत्थर से सोनू के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए और उसे वहीं मरणासन्न छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस की सराहनीय भूमिका
अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने में पिछोर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र का सटीक उपयोग किया। इस कार्रवाई में निरीक्षक नीतू सिंह, उनि रामकिशोर जोशी, सउनि जहान सिंह सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Virus-free.www.avast.com