शिवपुरी। शिवपुरी जिले में सिरसौद थाना सीमा में आने वाले रौंधा गांव में निवास करने वाले एक 23 साल के युवक की मौत की खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि युवक ने कोई जहरीला पदार्थ गटककर सुसाइड किया है। जानकारी मिल रही है कि युवक गुस्सैल प्रवृत्ति का था और थोडी सी बात पर ही गुस्सा हो जाता था। Manish Jatav of Raundha village, Sirsod (Shivpuri), dies after consuming poison
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर मनीष जाटव उम्र 23 साल अपने घर पर ही था,अचानक से उसकी तबीयत खराब होने लगी उसके पेट मे दर्द और उल्टियां होने लगी। परिजनों को उसने बताया कि उसने फसलों में छिड़कने वाली दवाई का सेवन कर लिया है। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचे रात भर युवक का इलाज जारी रखा,लेकिन मंगलवार की सुबह युवक की मौत हो गई।पिता के साये के बाद अब छोटे बेटे का साथ छूटा
मृतक मनीष के परिजनों ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटा और लाड़ला था। परिवार की आर्थिक और मानसिक स्थिति पहले ही ठीक नहीं थी, क्योंकि करीब छह साल पहले मनीष के पिता प्रहलाद की कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मृत्यु हो गई थी। पिता के जाने के बाद परिवार जैसे-तैसे संभल रहा था, लेकिन अब सबसे छोटे बेटे की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
गुस्सैल स्वभाव बना चर्चा का विषय
परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में मनीष के स्वभाव का जिक्र किया है। बताया गया है कि मनीष का स्वभाव काफी चिड़चिड़ा था और वह छोटी-छोटी बातों पर अत्यधिक गुस्से में आ जाता था। पूर्व में भी उसने गुस्से के आवेश में आकर अपना मोबाइल फोन तोड़ दिया था। हालांकि, सोमवार रात ऐसा क्या हुआ कि उसने मौत को गले लगा लिया, यह अभी भी एक रहस्य बना हुआ है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। चौकी प्रभारी नंद किशोर गर्ग ने पुष्टि की है कि युवक की मृत्यु जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल मामले की विस्तृत डायरी सिरसौद थाना पुलिस को भेजी गई है, जो इस आत्मघाती कदम के पीछे के वास्तविक कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।