शिवपुरी का गौरव: सरस्वती विद्यापीठ के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम

Adhiraj Awasthi
शिवपुरी। सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए वर्ष 2026 के परीक्षा परिणाम में शानदार उपलब्धि हासिल की है। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा घोषित हाई स्कूल और हायर सेकंडरी परीक्षा परिणाम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

हाई स्कूल परीक्षा में विद्यालय के कुल 70 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 18 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्टता का नया मानक स्थापित किया। 66 छात्र प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, जबकि 1 छात्र द्वितीय श्रेणी में पास हुआ। इस परीक्षा में भानु रावत ने 97.8 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विशाल धाकड़ 97.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और सचिन धाकड़ 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहे।

हायर सेकेंडरी परीक्षा में भी विद्यालय का प्रदर्शन सराहनीय रहा। कुल 49 विद्यार्थियों में से 1 छात्र ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। 45 छात्र प्रथम श्रेणी में और 1 छात्र द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुआ। संकायवार परिणाम की बात करें तो कृषि संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, गणित संकाय का 95 प्रतिशत और जीव विज्ञान संकाय का 89 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया।

कृषि संकाय में अनमोल ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रशांत पटेल 89.6 प्रतिशत के साथ द्वितीय और कार्तिक निरंजन 86.8 प्रतिशत अंक लेकर तृतीय स्थान पर रहे। जीव विज्ञान संकाय में दिव्यांश राजपूत 89.02 प्रतिशत के साथ प्रथम, प्रियांशु रघुवंशी 87.02 प्रतिशत के साथ द्वितीय और यश प्रताप सिंह परमार 84.6 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहे। वहीं गणित संकाय में दीपेश धाकड़ ने 88.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। संदेश कुमार लोधी 87 प्रतिशत के साथ दूसरे और मंदीप कौरव 85.4 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।


विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को उनके परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। प्रबंधक पवन शर्मा, सह-प्रबंधक जितेंद्र परसाई, प्राचार्य लोकेंद्र सिंह मेवाड़ा, परीक्षा प्रभारी पुरुषोत्तम शर्मा और शिक्षण प्रमुख मनोज सिंह चौहान सहित समस्त आचार्य परिवार ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के इस शानदार परिणाम ने यह साबित कर दिया है कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और अनुशासित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी हर चुनौती को पार कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।