ट्रेन हादसे से दहेज हत्या तक, शिवानी केस में बड़ा खुलासा, पति और सास-ससुर गिरफ्तार

Adhiraj Awasthi
शिवपुरी। एक साल पहले जिसे महज ट्रेन हादसा माना जा रहा था, वही मामला अब दहेज हत्या में बदल गया है। 22 वर्षीय नवविवाहिता शिवानी की मौत ने नया मोड़ लेते हुए पूरे घटनाक्रम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिवपुरी में सामने आए इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

हादसा या साजिश? कहानी में आया नया मोड़
27 मई 2025 की रात करीब 8:45 बजे शिवानी ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना शिवपुरी रेलवे स्टेशन से गुना की ओर लगभग 3 किलोमीटर दूर हुई थी। उस समय इसे हादसा बताया गया था, लेकिन इलाज के दौरान जिला अस्पताल में शिवानी की मौत हो गई। पति द्वारा दी गई सूचना, कि शिवानी को उल्टी हो रही थी और वह ट्रेन से गिर गई ने शुरू से ही संदेह की स्थिति बना दी थी।

पिता ने उठाए सवाल, दहेज प्रताड़ना का आरोप
शिवानी के पिता सुधीर कुमार शर्मा निवासी उरई (जालौन) ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इंदौर निवासी विकास शर्मा से शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

आरोप है कि पति, ससुर कृष्णकांत शर्मा, सास अर्चना शर्मा और दादी शांति शर्मा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शिवानी पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाते थे। परिवार द्वारा अपनी क्षमता के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था।

पुलिस जांच के बाद बड़ा एक्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना शिवपुरी पुलिस ने दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर 18 अप्रैल को पति विकास शर्मा, ससुर कृष्णकांत शर्मा और सास अर्चना शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी रोहित दुबे के अनुसार मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।