कोलारस। शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र में सड़क पर पड़े पत्थरों के कारण हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बुधवार शाम को कुटवारा और चक्क गांव के बीच यह घटना हुई, जब युवक अपनी बाइक से जा रहा था। बागोरिया निवासी बबलू जाटव बुधवार शाम करीब 6 बजे सब्जी लेने अपने घर जा रहा था। सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था और ठेकेदार द्वारा पत्थर डाले गए थे।बताया गया है कि बबलू की बाइक अचानक सड़क पर पड़े पत्थरों से टकराकर अनियंत्रित हो गई, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान बबलू जाटव की मौत हो गई। घटना के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद सड़क निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।