शिवपुरी में खंभे से गिरकर जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक, इंसाफ के लिए SP दफ्तर पहुंचा परिवार

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर बीते मंगलवार को एक भाई अपने परिवार के साथ शिकायत लेकर पहुंचा कि मेरे छोटा भाई एक विद्युत ठेकेदार के यहां काम करता था,लेकिन एक दिन लापरवाही के कारण वह खंभे से गिरकर घायल हो गया,घायल होने के बाद हम उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां वह पिछले 40 दिनों से कोमा में है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ठेकेदार ने शुरुआत में इलाज का वादा किया था, लेकिन अब वह न केवल इलाज से मुकर गया है बल्कि वेतन देने के नाम पर अभद्र व्यवहार और धमकियां दे रहा है।

जानकारी के अनुसार धर्मेन्द्र कुशवाह निवासी ग्राम नोहरीकलां शिवपुरी ने बताया कि मेरा छोटा भाई दीपक कुशवाह पिछले दो साल से विद्युत ठेकेदार नरेंद्र जाट के पास कार्य कर रहा था। 25 जनवरी 2026 की दोपहर करीब 3 बजे ठेकेदार के अन्य साथी रामवीर जाट, अखिल पंडित और आनंद शर्मा के कहने पर दीपक बदरवास फोरलेन पर विद्युत कार्य कर रहा था। इसी दौरान लापरवाही के चलते उसे करंट लग गया और वह खंभे से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

ठेकेदार ने इलाज के बीच में ही साथ छोड़ा
पीड़ित परिवार का कहना हैं कि ठेकेदार ने हमें जिम्मेदारी लेते हुए इलाज कराने का भरोसा दिलाया था, जिसके कारण हमने उस समय कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी। लेकिन शिवपुरी और ग्वालियर में मात्र 15 दिन इलाज कराने के बाद ठेकेदार और उसके साथी घायल दीपक को बीच रास्ते में ही छोड़कर भाग गए।

भाई के इलाज के लिए बेचा प्लॉट
धर्मेन्द्र का कहना हैं कि अपने भाई की जान बचाने के लिए हमने अपना प्लॉट तक बेच दिया और अब तक करीब 6 लाख रुपये खर्च कर चुके हैं। वहीं दीपक और उसके दूसरे भाई छोटू का दो महीने का वेतन भी ठेकेदार ने नहीं दिया है। जब परिवार ने इलाज के पैसे और बकाया वेतन माँगा, तो ठेकेदार और उसके साथियों ने साफ कह दिया कि जो करना है कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ऐसे लापरवाही पूर्वक कार्य करवाने और धोखाधड़ी करने वाले ठेकेदार नरेंद्र जाट एवं उसके साथियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए न्याय और सुरक्षा की जाए।