Shivpuri पुलिस कंट्रोल रूम में महिला शक्ति का जयघोष, महिला अधिकारी सम्मानित

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को शिवपुरी पुलिस कंट्रोल रूम में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ग्वालियर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी और शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने महिला कर्मियों का हौसला बढ़ाया और उनके काम की सराहना की।

कार्यक्रम में अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों से संवाद किया और ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा की। इसके साथ ही उनका समाधान करने के लिए सुझाव भी लिए गए। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि महिला पुलिसकर्मियों को हर संभव सहयोग मिलेगा।

महिला दिवस पर गिव टू गेन थीम रखी गई
साल 2026 के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम "गिव टू गेन" (Give to Gain) रही। इसका मतलब है कि जब महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सहयोग दिया जाता है, तो समाज को उसका पूरा लाभ मिलता है। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता से समाज मजबूत और समृद्ध बनता है।

इस अवसर पर कई महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिवपुरी के सीएसपी संजय चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक अनिल कावरेती, विभिन्न थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।