दिनारा। भीषण गर्मी के मौसम में जहां गोवंश पानी के लिए इधर-उधर भटकता नजर आता है, वहीं गौ सेवक कल्लू महाराज ने एक सराहनीय पहल करते हुए गौ माता और अन्य जीव-जंतुओं के लिए पानी की स्थायी व्यवस्था करने का संकल्प लिया है।
गौ सेवा समिति के जिला अध्यक्ष कल्लू महाराज ने घोषणा की है कि गर्मियों में गोवंश को प्यासा नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए समिति द्वारा जगह-जगह सीमेंट की पानी की टंकियां रखवाई जा रही हैं, ताकि गौ माता को स्वच्छ और ठंडा पानी मिल सके।
इस अभियान की शुरुआत आज 1008 श्री हनुमान मंदिर परिसर से की गई। कल्लू महाराज ने अपनी टीम को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गौ सेवा दिखावे के लिए नहीं, बल्कि सच्चे समर्पण और जिम्मेदारी के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गौ माता सुखी रहेंगी तो हमारा भारत भी सुखी और समृद्ध रहेगा।
उन्होंने समाज के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने-अपने घरों और मोहल्लों के पास पानी की टंकियां रखवाकर गौ माता की प्यास बुझाने में सहयोग करें। गौ सेवा समिति की ओर से जरूरतमंद स्थानों पर निशुल्क सीमेंट टंकियां उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है, लेकिन इसकी जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की होगी कि टंकी कभी खाली न रहे और उसमें हमेशा पानी भरा रहे।
कल्लू महाराज ने बताया कि उनकी टीम पिछले 14 वर्षों से लगातार गौ सेवा और पानी की व्यवस्था का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह संकल्प केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे समाज, जिले और प्रदेश का होना चाहिए। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि गौ माता ही नहीं, बल्कि सभी जीव-जंतु और पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना हमारा धर्म और कर्तव्य है।
इस सेवा कार्य में गौ सेवा समिति के सदस्य दीपक तिवारी, संजू ठाकुर, दीपक लोधी, आशीष गुप्ता, मैथिलीशरण गुप्ता, नाथू महाराज, चंद्रशेखर गुप्ता, मुकुल कंथारिया, रविकांत गुप्ता, दीपक केवट, जितेंद्र लोधी, राजू लोधी, जयराम लोधी, धर्मेंद्र लोधी सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। कल्लू महाराज ने शासन-प्रशासन से भी अपील की कि गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आएं और समाज के साथ मिलकर इस पुण्य कार्य को और व्यापक बनाएं।