पीरोठ गांव में खेत मे ससुर की मारपीट, मन नहीं भरा तो घर मे बहूओ तक नही छोडा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौर से पीड़ित महिलाओ ने शिकायत की है। इस शिकायत मे बताया गया है कि पहले खेत पर मारपीट की और इससे भी मन नहीं भरा तो घर मे घुसकर मारपीट की और महिलाओ के कपडे फाडने तक से नही चूके।  घटना की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर ही सवाल खड़े कर दिए। आरोप है कि थाने में शिकायत तो लिखवाई गई, लेकिन पुलिस ने 'खेल' करते हुए रिपोर्ट की कॉपी पीड़ितों को नहीं दी।

कोलारस अनुविभाग के इंदार थाना सीमा में आने वाले पीरोठ गांव मे रहने वाली पीडिता महिला वंदना जाटव ने बताया कि बीते 25 मार्च की सुबह 9 बजे उसके ससुर मुल्लू जाटव खेत पर काम कर रहे थे, तभी गांव के ही दबंग अशोक, इंद्रजीत और मनोज यादव ने पुरानी रंजिश या किसी अज्ञात बात को लेकर उन्हें घेर लिया। ससुर के साथ गाली-गलौज कर बेरहमी से मारपीट की गई। जब बुजुर्ग मुल्लू अपनी जान बचाकर घर भागे, तो आरोपी पीछा करते हुए उनके घर के भीतर तक घुस आए।

बहुओं ने बचाने की कोशिश की, तो उतार दी साड़ियाँ
दबंगों का कहर यहीं नहीं रुका। जब वंदना और उसकी जिठानी निकिता अपने ससुर को बचाने दौड़ीं, तो आरोपियों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दीं। आरोप है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर दोनों महिलाओं के साथ अभद्रता की, उनकी साड़ियां खींची । इसी छीना-झपटी के बीच आरोपी मनोज यादव ने वंदना के गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया और जातिसूचक गालियाँ देकर पूरे परिवार को अपमानित किया। जाते-जाते आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहराया शक
इस पूरे मामले में इंदार पुलिस की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है। प्रार्थिया वंदना का कहना है कि उसने थाने जाकर आपबीती सुनाई, पुलिस ने कागज पर लिखवाया और हस्ताक्षर भी करा लिए, लेकिन रिपोर्ट की पावती (कॉपी) देने से मना कर दिया। अब पीड़ित परिवार डरा हुआ है कि पुलिस ने शिकायत में क्या लिखा है और क्या आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है? परिवार ने अब वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।