शिवपुरी जिले में भाई के मौत के समय काली माता ने मदद नहीं की, इसलिए तोडी मूर्ति

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के इंदार थाना सीमा मे आने वाले कुटवारा गांव में रहने वाले एक सनकी युवक ने गांव में स्थित काली माता के मंदिर में माता की प्रतिमा पर पत्थर पटक कर मूर्ति को तोड़ दिया था। मूर्ति तोड़ने की घटना के बाद गांव मे आक्रोश उत्पन्न हो गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर इंदार थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। आज इंदार थाना पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर हुए युवक को  गांव में पैदल घुमाते हुए उसी काली माता मंदिर तक ले गई, जहां उसने प्रतिमा तोड़ी थी।

जैसा कि विदित है कि ग्राम जानकारी के मुताबिक कुटवारा निवासी शेवेंद्र लोधी उम्र 34 साल पुत्र तोफानसिह लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गांव के दानवीर जाटव ने हमारे गांव के काली माता मंदिर की प्रतिमा तोड़ दी है। इस घटना से हमारी धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। शेवेंद्र लोधी का कहना है कि 24 मार्च की रात 9 बजे मैं, मेरे गांव के कृष्णवीर लोधी, सुखबीर, प्रमोद शिवहरे, धन्नालाल जाटव, चंद्रपाल सेन घर के बाहर चबूतरे पर बैठे थे।

इसी दौरान गांव का दानवीर जाटव शराब के नशे में आया। वह काली माता मंदिर में घुसा। उसने पत्थर से माता की मूर्ति तोड़नी शुरू कर दी। हम लोगों ने दानवीर को मूर्ति तोड़ने से मना किया। फिर भी वह नहीं माना। उसने पत्थर मारकर मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया। वह भाग गया। इस घटना से हम गांव वालों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 298 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामला विवेचना में ले लिया है।

आज गुरुवार को पुलिस टीम ने आरोपी दानवीर जाटव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले साल उसके भाई की हत्या हो गई थी। उसका मानना था कि यदि माता ने उस समय सहयोग किया होता, तो उसके भाई की जान बच सकती थी। इसी गुस्से में आकर उसने यह कृत्य किया।