शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरखेड़ा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रविवार शाम जमकर हंगामा हुआ। पोहरी के पास स्थित एक भूसा फैक्ट्री में मुनीम के पद पर कार्यरत 26 वर्षीय नेपाल शाक्य का शव शिवपुरी शहर की मुद्गल कॉलोनी में उसके चाचा के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और फैक्ट्री संचालकों पर हत्या का आरोप लगाया है।
आखिरी कॉल में छलका था दर्द
मृतक के बड़े भाई सोनेराम शाक्य ने बताया कि नेपाल पिछले 5-6 वर्षों से भूसा फैक्ट्री में मुनीम का काम देख रहा था। रविवार शाम करीब 5 बजे नेपाल ने अपने भाई को फोन किया था। फोन पर वह बेहद डरा हुआ और परेशान था। उसने बताया था कि फैक्ट्री मालिक उस पर चोरी और गबन का झूठा आरोप लगा रहे हैं। इस कॉल के कुछ ही देर बाद नेपाल का शव उसके चाचा हीरालाल शाक्य के कमरे में फंदे से लटका मिला।
गबन का विवाद और संदिग्ध मौत
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के हिसाब-किताब और सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान करीब 2 से 2.50 लाख रुपये की गड़बड़ी सामने आई थी। फैक्ट्री प्रबंधन का दावा है कि नेपाल ने गबन किया था, जबकि परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते उसे प्रताड़ित किया गया और उसकी जान ले ली गई।
पोहरी में चक्का जाम और पुलिस की मशक्कत
शाम करीब 7 बजे जब नेपाल का शव पोहरी पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों की मांग है कि दोषियों पर तत्काल हत्या का मामला दर्ज किया जाए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
