कोलारस। कोलारस निवासी एक जैन परिवार में 10 मार्च को जिस बेटी की डोली उठनी थी उसकी अब 6 दिन बाद अर्थी उठेगी। दरअसल बेटी की शादी करने के लिए परिवार चार वाहनों से गंजबासौदा जा रहा था, तभी एक वाहन में सवार बेटी (दुल्हन) सहित 6 लोग घायल हो गए थे और एक व्यक्ति की मौत हो गई। सभी घायलों को भोपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई।
अब जिस घर से बेटी की डोली उठना थी, वहां से अब उसकी अर्थी उठेगी। उल्लेखनीय है कि 10 मार्च को हुए सड़क हादसे में युवती के जीजा सहित दोनों वाहनों के चालकों की मौत पहले हो चुकी है। घटना के बाद से पूरे कोलारस नगर में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक कोलारस निवासी अनिल जैन की बेटी साक्षी जैन की शादी 10 मार्च को होनी थी। इसलिए लिए वधु पक्ष का पूरा परिवार चार अलग-अलग वाहनों में शिवपुरी के कोलारस से गंजबासौदा जा रहा था। जैसे ही परिवार के वाहनों का यह काफिला अशोकनगर के नईसराय व शाढ़ारो रोड से गुजर रहा था तो जिस वाहन में साक्षी बैठी थी, वह कार सामने से आ रही एक बोलेरो वाहन से तेज गति में जा टकराई थी। घटना में मौके पर ही साक्षी के जीजा वैभव जैन की मौत हो गई थी, जबकि साक्षी व दोनों वाहनों के चालक सहित 6 लोग घायल हो गए थे।
घटना के दो दिन वाहन चालकों की मौत हो गई। अब रविवार को साक्षी जो कि कोमा में थी, उसकी भी मौत हो गई। साक्षी के शव का सोमवार को कोलारस में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना को लेकर हर कोई यही चर्चा कर रहा है कि जिस घर से बिटिया की डोली उठना थी, अब वहीं से उसकी अर्थी उठेगी। इधर इस पूरी घटना के बाद से जैन परिवार में शोक व्याप्त है।
कोमा में थी दुल्हन, भोपाल में तोड़ा दम
हादसे में दुल्हन साक्षी को सबसे ज्यादा चोट आई थी। उसके सिर में 36 टांके लगे थे और हाथ-पैर भी फ्रैक्चर हो गए थे। गंभीर हालत में उसे भोपाल रेफर किया गया था, जहां वह कई दिनों से कोमा में थी। रविवार शाम करीब 4 बजे भोपाल के अस्पताल में इलाज के दौरान साक्षी जैन की मौत हो गई।
परिवार के कई लोग घायल
हादसे में दुल्हन की मां शीला बाई, परिवार की बुजुर्ग सदस्य प्रेम बाई, खुशबू जैन और डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची भी घायल हुई थीं। अर्टिगा कार चला रहे कोलारस निवासी 28 वर्षीय सौरभ खटीक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनके दोनों पैर बुरी तरह टूट गए थे और उनका इलाज जारी है।
