Shivpuri में नाबालिग से कराया बंधुआ श्रम, मजदूरी के पैसे मांगे तो बेरहमी से पीटा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज एक पिता अपने बेटे के साथ शिकायत लेकर पहुंचा, पिता का कहना हैं कि मेरे बेटे से मजदूरी कराकर उसको भगा दिया, जब मेरे बेटे ने अपनी मजदूरी के पैसे मांगे तो दबंगों ने मेरे बेटे के साथ मारपीट कर उसे भगा दिया। वहीं जब हम इसकी शिकायत करने भौंती थाने पहुंचे तो पुलिस ने हमारी शिकायत दर्ज नहीं की, हमें थाने से भगा दिया।

जानकारी के अनुसार निवासी ग्राम ढला थाना भौती की रहने वाली गीता पत्नी धनीराम परिहार ने बताया कि गांव के दबंगों ने न केवल मेरे नाबालिग बेटे से जबरन मजदूरी कराई, बल्कि बकाया पैसे मांगने पर उसे जातिसूचक गालियां देकर मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया।

लालच देकर कराया बाल श्रम
गीता का कहना हैं कि आरोपी डब्बू लोधी, उसके पुत्र कृपाल, राकेश और परिवार की महिलाओं जूली व दीप्ति ने मेरे नाबालिग पुत्र राहुल को 400 रुपये प्रतिदिन का लालच देकर गुम्मा बनाने के काम पर लगा लिया था। जब मैंने मना किया, तो दबंगई के बल पर उसे काम पर ले जाया गया।

पैसे मांगे-तो कर दी मारपीट
घटना 14 फरवरी 2026 की शाम की है। जब राहुल अपने खेत से घर लौट रहा था और उसने आरोपियों से अपनी बकाया मजदूरी मांगी, तो आरोपियों ने एक राय होकर उसे घेर लिया। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और लात-घूसों व डंडों से उसे बुरी तरह पीटा। मौके पर कल्लो और संतोष आदिवासी ने बीच-बचाव कर बालक की जान बचाई।

पुलिस ने नहीं की कार्यवाही
पीड़ित परिवार का कहना है कि हमें भौंती थाने पर शिकायत लेकर गये थे, लेकिन वहां हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोपी धनबल और राजनीतिक प्रभाव के धनी हैं, जो अब परिवार को बंदूक की नोक पर गांव छोड़ने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित मां ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध SC/ST एक्ट, बाल श्रम और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाए और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।