ब्रज की भूमि पर शिवपुरी की धूम,राधा रानी सेवा समिति द्वारा गोवर्धन में 10वां विशाल भंडारा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। धार्मिक आस्था और सेवा संकल्प के साथ राधा रानी सेवा समिति शिवपुरी इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण की नगरी गोवर्धन (मथुरा) में भव्य आयोजन करने जा रही है। समिति द्वारा लगातार 10वीं बार विशाल भंडारे एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां इन दिनों जोरों पर हैं।

दो दिवसीय भव्य आयोजन
यह आयोजन गोवर्धन स्थित बड़ी परिक्रमा मार्ग, दान घाटी के पास मुकुंद विनोद गार्डन में 28 फरवरी और 1 मार्च को संपन्न होगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए समिति के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं।

कार्यक्रम की रूपरेखा
28 फरवरी,कार्यक्रम की शुरुआत ठाकुर जी के बालभोग और विग्रह श्रृंगार दर्शन से होगी। इसके पश्चात 56 भोग महाप्रसादी का भोग लगाया जाएगा। शाम को राधा नाम संकीर्तन और मनमोहक रासलीला का आयोजन किया जाएगा।

1 मार्च,दूसरे दिन की शुरुआत कन्या पूजन से होगी। इसके उपरांत ब्रज की विश्व प्रसिद्ध होली फाग महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें भक्त अबीर-गुलाल और भजनों के साथ होली का आनंद लेंगे।

भक्तों से शामिल होने की अपील
राधा रानी सेवा समिति के पदाधिकारियों ने शिवपुरी के सभी भक्तजनों और शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मथुरा पहुंचकर प्रसादी ग्रहण करें और ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त करें। समिति का कहना है कि यह आयोजन शिवपुरी की ओर से ब्रज धाम में भक्ति और भाईचारे का संदेश देने का एक विशेष प्रयास है।